
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राज्य साइबर सेल ने विदेशी लड़कियां, मॉडल और कॉलगर्ल सप्लाय करने वाले दलाल को गिरफ्तार किया। वह वेबसाइट के जरिये सौदे करता था। उसके ग्राहकों में नेता, अफसर और कारोबारी शामिल हैं। आरोपित के भाई और दलाल पहले ही पकड़े जा चुके हैं।
साइबर पुलिस के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले ऑनलाइन देहव्यापार करने वाली गैंग के सरगना सागर उर्फ सेंडो जैन, उसके भाई कपिल जैन निवासी गुलाबबाग और हर्षल झा निवासी राठी कॉलोनी सारंगपुर व विकास दत्ता उर्फ राहुल निवासी चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित सुबिना डॉट कॉम, सुबिना खान डॉट कॉम, रति सलूजा डॉट कॉम के नाम से अश्लील वेबसाइट बनाकर देहव्यापार के लिए लड़कियां उपलब्ध करवाते थे।
गिरफ्तार आरोपितों ने बताया था कि गिरोह में सागर का भाई धर्मेंद्र उर्फ कालू जैन भी शामिल है। पुलिस ने कालू की तलाश की लेकिन स्पेस पार्क के फ्लैट से फरार हो गया। उसने मोबाइल बंद कर लिया और उज्जैन, मुंबई और दिल्ली में फरारी काटने लगा। बुधवार को कालू जमानत के लिए कोर्ट में पेश हुआ था, जहां से उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद सागर की मां और प्रेमिका गिरोह का संचालन कर रही है।