
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के राऊ इलाके में पति ने अपने बेटा और बेटी को खेलने के लिए घर से बाहर भेजकर पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगा जान दे दी। बच्चे वापस लौटे तो घर से अंदर उन्हें बिस्तर पर मां और फंदे पर पिता की लाश मिली। घटना साईं विहार कॉलोनी में रविवार को हुई।
जानकारी के मुताबिक पति पवन सोनी ने अपनी पत्नी वर्षा को मारने के बाद खुदकुशी कर ली। वह रीवा का रहने वाला था और यहां किराए के मकान में रहकर पराठे बनाकर बेचता था। घटना से पहले उसने अपने 15 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को घर से बाहर भेज दिया था। शाम को जब बच्चे वापस लौटे तो माता-पिता के शव देखकर घबरा गए और चीखते हुए आसपास के लोगों को बुलाया।
घटना में यह बात सामने आई है कि पवन की पत्नी रेहान नाम के युवक से फोन पर बात करती थी। कुछ समय पहले पवन ने ही रेहान को वेल्डिंग के काम के लिए बुलाया था। पवन ने अपने साथियों से कहा था कि पत्नी रेहान के साथ मिलकर उसे और बच्चों को मारने का प्लान बना रही है। इसकी रिकॉर्डिंग भी उसने खुद के पास होने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में कोई खुलासा नहीं किया है। वह पवन के मोबाइल की भी जांच करवाएगी।