
इंदौर, Mann Ki Baat। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में इंदौर शहर की तारीफ करते हुए कहा कि देश के स्वच्छ शहरों की लिस्ट में लगातार नंबर वन आने के बाद अब इंदौर वाटर प्लस शहर बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम ये भलीभांति जानते हैं कि जब भी स्वच्छ भारत अभियान की बात आती है तो इंदौर का नाम आता ही आता है, क्योंकि इंदौर ने स्वच्छता के संबंध में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है और इंदौर के नागरिक इसके अभिनन्दन के अधिकारी भी हैं। हमारा ये इंदौर कई वर्षों से 'स्वच्छ भारत रैंकिंग' में पहले नंबर पर बना हुआ है। अब इंदौर के लोग स्वच्छ भारत के इस रैंकिंग से संतोष पाकर के बैठना नहीं चाहते हैं वे आगे बढ़ना चाहते हैं, कुछ नया करना चाहते हैं और उन्होंने क्या मन में ठान ली है, उन्होंने वाटर प्लस सिटी, बनाए रखने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। शहर की सरस्वती और कान्ह नदियों में गिरने वाला गंदे पानी में सुधार हुआ है।
वाटर प्लस सिटी यानी ऐसा शहर जहां बिना ट्रीटमेंट के कोई भी सीवेज किसी सार्वजनिक जल स्त्रोत में नहीं डाला जाता। यहां के नागरिकों ने खुद आगे आकर अपनी नालियों को सीवर लाइन से जोड़ा है। स्वच्छता अभियान भी चलाया है और इस वजह से सरस्वती और कान्ह नदियों में गिरने वाला गंदा पानी भी काफी कम हुआ है और सुधार नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज जब हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो हमें ये याद रखना है कि स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प को हमें कभी भी मंद नहीं पड़ने देना है। हमारे देश में जितने ज्यादा शहर वाटर प्लस सिटी होंगे उतना ही स्वच्छता भी बढ़ेगी, हमारी नदियां भी साफ होंगी और पानी बचाने की एक मानवीय जिम्मेवारी निभाने के संस्कार भी होंगे।
Keeping the momentum towards furthering Swachhata. #MannKiBaat pic.twitter.com/9DUO1mq3iH
— PMO India (@PMOIndia) August 29, 2021