संत बनकर चित्रकूट में छिपा था गुंडा मनोज परमार
दुष्कर्म के आरोप में फरार कुख्यात गुंडे मनोज परमार को क्राइम ब्रांच ने मंगलवार दोपहर चित्रकूट से पकड़ लिया।
By
Edited By:
Publish Date: Wed, 22 Mar 2017 03:57:53 AM (IST)
Updated Date: Wed, 22 Mar 2017 11:25:23 AM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। दुष्कर्म के आरोप में फरार कुख्यात गुंडे मनोज परमार को क्राइम ब्रांच ने मंगलवार दोपहर चित्रकूट से पकड़ लिया। उसकी छह महीने से तलाश थी। डीआईजी ने गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी संत बनकर मठ और आश्रमों में फरारी काट रहा था।
डीआईजी के मुताबिक परमार के खिलाफ मल्हारगंज थाने में सितंबर 2016 में 29 वर्षीय महिला की शिकायत पर ज्यादती का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही परमार शहर से फरार हो गया। पिछले दिनों सूचना मिली कि वह चित्रकूट में छिपा है। दो दिन पूर्व टीम सादी वर्दी में वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया। उसने बताया वह भोपाल, दिल्ली सहित कई शहरों में फरारी काट चुका है।
जांच के बहाने टालते रहे अफसर
पीड़िता के पति की वर्ष 2011 में एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। 9 महीने पूर्व कुछ बदमाशों ने उसके मकान पर कब्जा कर लिया। उसने कब्जा दिलाने के लिए परमार से मदद मांगी। परमार ने 3.21 लाख में मकान का सौदा कर महिला को 21 हजार रुपए दे दिए। उसने फरवरी 2016 में रुपए के बहाने ऑफिस बुलाया और दुष्कर्म किया। रिपोर्ट लिखवाने पर जान से मारने की धमकी दी और लगातार संबंध बनाए।
महिला ने सितंबर में परमार के खिलाफ केस दर्ज कराया, लेकिन अफसर जांच के बहाने उसकी गिरफ्तारी टालते रहे। दो दिन पूर्व एक और पीड़ित परिवार डीआईजी के पास पहुंचा। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी गई।