
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में कपड़ा कारोबारी की बेटी के साथ सरेराह छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने गीतांजलि हॉस्पिटल के बाहर खड़ी युवती के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर उसके पिता के साथ मारपीट कर दी।
एरोड्रम पुलिस के मुताबिक घटना रविवार शाम साढ़े 6 बजे की है। एमबीए की पढ़ाई कर रही छात्रा ने रिपोर्ट लिखवाई है कि वह हॉस्पिटल के पास अकेली खड़ी थी। वह कुछ सामान भूल गई थी, इसलिए उसने अपने पिता को हॉस्पिटल के पास बुलाया था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां आए और उस पर कमेंट्स करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो वे अशब्द बोलकर उसे परेशान करने लगे। इसी दौरान उसके पिता मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश वहां से निकल गए।
बेटी ने पिता को पूरी घटना बताई तो उन्होंने एरोड्रम रोड पर ही बदमाशों का पीछा किया। भीड़-भाड़ वाले इलाके में उन्हें रोका गया तो बदमाशों ने पिता के साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घेरकर एक बदमाश को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात पुलिस ने कारोबारी की बेटी की रिपोर्ट पर तीन आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।