
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। यात्रियों की कमी से जूझ रही इंदौर मेट्रो के संचालन का समय घटा दिया गया है। अब मेट्रो सुबह नहीं चलेगी। 23 नवंबर से सप्ताह के सभी सात दिन दोपहर एक बजे से रात 9 बजे तक ही मेट्रो का संचालन होगा। अब तक सुबह 7.30 बजे से शुरू होने वाली मेट्रो सेवा को सीधे दोपहर तक सीमित कर दिया गया है। हालांकि, मेट्रो प्रबंधन ने समय-सारणी में बदलाव का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।
नई समय-सारणी के अनुसार दोपहर एक बजे से शाम 4.30 बजे तक मेट्रो हर 35 मिनट में मिलेगी। इसके बाद शाम 4.30 से रात 9 बजे तक ट्रेनों का संचालन 20 मिनट के अंतराल पर होगा। यानी सुबह के यात्रियों को अब मेट्रो की सुविधा नहीं मिलेगी, जबकि शाम के व्यस्त समय में भी ट्रेन के लिए यात्रियों को इंतजार करना होगा।
गौरतलब है कि अब तक सप्ताह के सामान्य दिनों में सुबह 7.30 बजे पहली मेट्रो गांधी नगर से रवाना होती थी और रात 9.30 बजे आखिरी सेवा उपलब्ध रहती थी। रविवार को पहली मेट्रो दोपहर 12.30 बजे से चलती थी। अब नई व्यवस्था में रविवार सहित सभी दिनों के लिए एक ही समय-सारणी लागू होगी। फिलहाल गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक करीब 17 किलोमीटर के ट्रैक पर मेट्रो का संचालन किया जा रहा है।
यात्रियों को आकर्षित करने के लिए मेट्रो प्रबंधन टिकटों पर अतिरिक्त छूट भी दे रहा है। 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक लागू विशेष योजना में सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जा रही है। रिटर्न टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत छूट मिल रही है। ग्रुप टिकट के लिए न्यूनतम यात्रियों की संख्या भी आठ से घटाकर दो कर दी गई है। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने से अब संचालन का समय सीमित करने का फैसला सामने आया है।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग के 599 क्वार्टरों पर सोमवार से चलेगा बुलडोजर, कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, एक को मिली राहत