
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर में भाजपा की महिला पार्षद संध्या यादव पर शारीरिक बनावट को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में केबिनेट मंत्री बैकफुट पर आ गए हैं। मंगलवार को उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि संध्या यादव उनके क्षेत्र की हैं। उनकी बेटी जैसी हैं और उनकी मंशा अपमान करने की नहीं थी। कांग्रेस इसे बेवजह तूल दे रही है। कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
गौरतलब है कि रविवार को विधानसभा क्षेत्र एक के वार्ड 6 में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या पर यह टिप्पणी की थी। उन्होंने पार्षद के कार्य की प्रशंसा करते हुए संध्या यादव पर बाडी शेमिंग वाली टिप्पणी कर दी।
मंच पर मौजूद पार्षद यादव और अन्य भाजपा नेता इस टिप्पणी पर हंसते हुए दिखे। बाद में विजयवर्गीय ने सांसद शंकर लालवानी का उल्लेख करते हुए यह भी कह दिया कि सांसद निधि से वे फंड भी संध्या यादव को ज्यादा देते हैं दूसरे पार्षदों को नहीं।
विजयवर्गीय के बोलने के अंदाज और शब्दों को लेकर जमकर बवाल मचा। इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी लगातार रीलों में प्रसारित भी होने लगी। इसके बाद से ही कांग्रेस विजयवर्गीय के माफी मांगने पर अड़ी हुई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा के मंत्री उनकी ही पार्टी की नेता और पार्षद पर सार्वजनिक रूप से मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। मंत्री को माफी मांगना चाहिए।
विवाद बढ़ने के बाद मंत्री विजयवर्गीय और पार्षद संध्या यादव दोनों ने अलग-अलग बयान जारी किए। विजयवर्गीय ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए कांग्रेस पर बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। इधर दूसरी तरफ संध्या यादव ने विजयवर्गीय को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है।