_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गांधी नगर क्षेत्र में आपस में हुए मामूली विवाद में आरोपितों ने एक युवक पर लात-घूंसों से हमलाकर दिया। जब उसे बचाने के लिए पिता पहुंचे, तो उन पर बदमाशों ने तलवार से वार कर घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांधी नगर पुलिस के अनुसार विवाद और तलवार से हमले की घटना कल शाम 4:20 बजे साईंकृपा फर्नीचर के सामने गांधी नगर में हुई। पुलिस ने फरियादी महेश पिता मोहनलाल घावरी की शिकायत पर आरोपित हरीश और रितिक दोनों निवासी अरिहंत नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि गत शाम 4.20 बजे मेरे घर के सामने आरोपित मेरे लड़के तुषार के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर रहे थे। बेटे ने शोर मचाया तो मैं बाहर आया और बीच-बचाव करने लगा। इस पर आरोपित मुझे गालियां देने लगे।
मना करने पर दोनों ने मिलकर झूमाझटकी की और फिर आरोपित हरीश अपने घर से तलवार लेकर आ गया और मारने के लिए दौड़ा। उसने तलवार से वार कर दिया, मैंने बचने के लिए तलवार पकड़ी तो हाथ में चोट आई। हमले के बाद आरोपित धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।