
बिजली बिल के नाम पर एपीके फाइल भेजकर 2.94 लाख उड़ाए, कॉल फारवर्डिंग एक्टिवेट कर ठग ने ओटीपी दूसरे नंबर पर मंगवाए
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: बिजली विभाग के नाम पर भेजी गई एक एपीके फाइल ने एरोड्रम क्षेत्र के व्यक्ति के मोबाइल की कमान साइबर ठग के हाथों में पहुंचा दी। ठग ने मोबाइल में काल फारवर्डिंग एक्टिवेट कर दी, जिससे बैंक संबंधी ओटीपी भी दूसरे नंबर पर पहुंचने लगे।
इसके बाद उसके आरबीएल बैंक क्रेडिट कार्ड से कुल 2.94 लाख रुपये की अनधिकृत गतिविधि हुई। शिकायत मिलते ही एरोड्रम पुलिस ने कार्रवाई कर दो घंटे में 1.44 लाख रुपये वापस करा दिए।
पुलिस के अनुसार ठग ने बिजली विभाग के नाम पर एपीके फाइल भेजकर उसे मोबाइल में इंस्टाल करवाया था। इसके बाद काल फारवर्डिंग चालू कर दी गई। ठग ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 1.50 लाख और 1.44 लाख रुपये की राशि का इस्तेमाल किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग बंद कराई और संदिग्ध APK हटवाई। बैंक से समन्वय कर 1.50 लाख रुपये की राशि को अलग-अलग बैंक खातों में तत्काल फ्रीज कराया गया।
दूसरी ओर 1.44 लाख रुपये से बिगबास्केट पर किया गया आर्डर पुलिस ने नोडल अधिकारी से संपर्क कर तत्काल कैंसिल कराया। इसके बाद पूरी राशि महज दो घंटे में पीड़ित के क्रेडिट कार्ड में वापस कराई गई।