यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP Board 10th 12th Results 2024: इंदौर की फाल्गुनी पवार ने 12वीं में मेरिट लिस्ट में पाया तीसरा स्थान
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के 10वीं-12वीं के परिणाम जारी। इंदौर जिले का दसवीं का परीक्षा परिणाम 64.29 फीसद और 12वीं का परिणाम 76.27 फीसद रहा।
By Sameer DeshpandeEdited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Wed, 24 Apr 2024 07:42:48 AM (IST)Updated Date: Wed, 24 Apr 2024 05:37:20 PM (IST)

MP Board 10th 12th Results 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। माध्यमिक शिक्षा मंडल के बोर्ड परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी हुए। इसमें इंदौर की छात्राओं ने प्रदेश में नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय मेरिट में हाई स्कूल में इंदौर की छात्राएं दसवें और हायर सेकंडरी में तीसरे स्थान पर रही हैं। दसवीं का परीक्षा परिणाम 64.29 फीसद और 12वीं का परिणाम 76.27 फीसद रहा। गत वर्ष दसवीं का परिणाम 66.50 और 12वीं का परीक्षा परिणाम 57.60 फीसद था।
माशिम का परीक्षा परिणाम बुधवार शाम 4 बजे जारी हुआ। शुरुआत में कुछ देर के लिए सर्वर में तकनीकी दिक्कत और दबाव के चलते लिंक खुलने में परेशानी आई। इस बार दसवीं की परीक्षा में 48192 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 28547 पास हुए। 5225 को पूरक आई। 14389 फेल हो गए। इसी तरह 12वीं बोर्ड परीक्षा में 38371 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 26773 परीक्षार्थी पास हुए। 4401 को पूरक आई। 6885 फेल हो गए। जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश व्यास ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम आया है। हमारी कोशिश रहेगी कि जिले का परीक्षा परिणाम इससे भी बेहतर हो।
12वीं के होनहार: स्क्रीन टाइम कम किया, सेल्फ स्टडी पर दिया जोर - फाल्गुनी
राज्य स्तर की हायर सेकंडरी परीक्षा में पिंक फ्लावर हायर सेकंडरी स्कूल नंदानगर की फाल्गुनी लक्ष्मण पंवार कामर्स विषय में तीसरे स्थान पर रही हैं। फाल्गुनी ने बताया कि हर दिन चार-पांच घंटे की पढ़ाई करती थी। किसी तरह की कोचिंग नहीं ली है। स्कूल में जो पढ़ाते थे, उसी से तैयारी की। परीक्षा के कुछ माह पहले से मोबाइल पर स्क्रीन टाइम कर दिया था। परिवार ने कभी भी पढ़ाई को लेकर दबाव नहीं बनाया है। वे हमेशा पढ़ाई को लेकर मोटिवेट करते थे। मेरे पापा निजी कंपनी ने नौकरी करते हैं। वे मेरे रोल माडल हैं। आइएएस की तैयारी करूंगी।
10वीं के होनहार: हर दिन सात-आठ घंटे पढ़ाई - जाह्नवी
राज्य स्तर की हाई स्कूल की प्रावीण्य सूची में कर्नाटका विद्या निकेतन स्कूल की जाह्नवी संजय गुप्ता दसवें स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि पिता का बिजनेस है। मम्मी स्कूल टीचर है। हर दिन 7-8 घंटे पढ़ाई की। इंटरनेट मीडिया एप का उपयोग हर दिन सिर्फ 30 मिनट करती थी, वह भी पढ़ाई के सिलसिले में। बोर्ड परीक्षा को लेकर टाइम टेबल फालो किया। पाठ्यक्रम को लेकर डाउट होने पर अध्यापकों से बात करते थे। माता-पिता ने हमेशा मोटिवेट किया। सबसे ज्यादा मदद दीदी से मिलती थी। पापा मेरे रोल माडल हैं। अब आगे आइआइटी के लिए जेईई की तैयारी करना है।
मूक-बधिर दसवीं की स्टेट टाप थ्री पोजिशन में इंदौर के दो परीक्षार्थी
खुशी प्रवीण संधावा 400 में से 348 अंक
विवेक अशोक पाटीदार 400 में से 273 अंक
जिला स्तरीय हाई स्कूल मेरिट सूची
| स्थान | नाम | अंक |
| पहला स्थान | तन्वी कुमावत | 484 |
| दूसरा स्थान | अपर्णा मालू | 482 |
| दूसरा स्थान | जयंत मौर्या | 482 |
| दूसरा स्थान | हर्ष जाटव | 482 |
| दूसरा स्थान | कविता चौरसिया | 482 |
| तीसरा स्थान | ईशा सिसोदिया | 481 |
| तीसरा स्थान | रोहन कुन्वारे | 481 |
जिला स्तरीय हायर सेकंडरी मेरिट सूची
| स्थान | नाम | अंक |
| (गणित संकाय) | | |
| पहला | प्रवीण कुमार पटेल | 478 |
| दूसरा | महक विश्वकर्मा | 477 |
| तीसरा | अजय मौर्या | 476 |
| (कला संकाय) | | |
| पहला | भारती विश्वकर्मा | 471 |
| दूसरा | श्रेया श्रीवास्तव | 470 |
| (वाणिज्य संकाय) | | |
| पहला | हितिशा छाजड़ | 472 |
| दूसरा | नंदनी जोशी | 471 |
| (कृषि संकाय) | | |
| पहला | राज प्रजापत | 442 |
| (फाइन आर्ट संकाय) | | |
| पहला | प्राची चौहान | 413 |
| (विज्ञान संकाय) | | |
| दूसरा | अंकिता वर्मा | 477 |
| तीसरा | गोपाल अग्रवाल | 476 |