इंदौर। MPPSC Exam 2019 मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग (Madhya Pradesh Public Service Commission) राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (MP State service pre exam 2019) का परिणाम 31 जनवरी तक घोषित कर देगा। 12 दिसंबर को यह परीक्षा होगी। पीएससी ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम डेढ़ माह में देने का ऐलान किया है। मुख्य परीक्षा(MP State service main exam) अप्रैल 2020 में होगी। आयोग ने अरसे बाद अगले 2020 के एडवांस कैलेंडर (MPPSC Calendar 2020) जारी कर दिया है। आने वाली 17 परीक्षाओं की घोषणा (MPPSC Exam 2019 Result) और आयोजन की तारीख पीएससी ने कैलेंडर में दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार अगले साल राज्य सेवा 2019 के साथ 2020 की भी मुख्य परीक्षा आयोजित कर ली जाएगी। 2017 के बाद से ही पीएससी ने एडवांस कैलेंडर जारी करने की परंपरा समाप्त कर दी थी। इसके बाद से पीएससी का शेड्यूल पटरी से उतरने लगा। 2018 में तो सबसे बड़ी परीक्षा कहलाने वाली राज्य सेवा भी घोषित नहीं हो सकी थी। 2019 की राज्य सेवा की घोषणा पीएससी ने 10 दिन पहले की है। अब एडवांस कैलेंडर भी जारी कर दिया है।
घोषित कैलेंडर के मुताबिक 31 जनवरी तक राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2019 का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। अप्रैल में मुख्य परीक्षा होगी। जून में इसका परिणाम देकर सितंबर तक अंतिम चयन सूची जारी कर दी जाएगी। कैलेंडर के अनुसार अगले वर्ष यानी 2020 में 12 परीक्षाओं या चयन प्रक्रियाओं की घोषणा होगी। शुरुआत फरवरी में राज्य अभियांत्रिकी सेवा से होगी। इसी महीने मेडिकल ऑफिसर की परीक्षा का ऐलान भी होगा। मार्च-2020 में सहायक भौमिकीविद चयन परीक्षा का ऐलान हो जाएगा। इसी महीने खनिज अधिकारी और खनिज निरीक्षक की परीक्षा की भी घोषणा कर दी जाएगी।
अप्रैल में वैज्ञानिक अधिकारी के बाद प्राचार्य वर्ग एक व वर्ग दो के लिए भी पीएससी विज्ञापन जारी कर देगा। एडवांस कैलेंडर के मुताबिक मई में चार चयन प्रक्रियाओं का ऐलान होगा। सहायक संचालक उद्यानिकी के साथ ही सहायक संचालक मत्स्योद्योग की चयन प्रक्रिया का ऐलान होगा। इसी महीने राज्य सेवा परीक्षा 2020 का भी ऐलान कर दिया जाएगा। पीएससी ने घोषणा की है कि जुलाई में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित करवाकर दिसंबर तक मुख्य परीक्षा का चरण भी पूरा करवा लिया जाएगा। मई में राज्य वन सेवा परीक्षा 2020 भी घोषित होगी। इसके बाद जून में सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी की चयन प्रक्रिया घोषित की जाएगी।