
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम का इंतजार है। आयोग ने उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन और रिजल्ट तैयार करने के लिए 15 दिन का समय रखा है।
हालांकि रिजल्ट घोषित करने से पहले आयोग के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें अन्य लंबित परिणामों और ओबीसी आरक्षण से जुड़े हाईकोर्ट के फैसले के बाद की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी। राज्य वन सेवा परीक्षा के माध्यम से 36 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इसमें छह सहायक वन संरक्षक और 30 वन क्षेत्रपाल पद हैं।
खास बात यह है कि सामान्य और ओबीसी वर्ग में वन क्षेत्रपाल का एक भी पद रिक्त नहीं है। आयोग ने राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की थी। इसमें तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। आयोग ने करीब एक महीने के भीतर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया था। इसके आधार पर 783 अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा के लिए चयन हुआ। इसमें 741 मुख्य और 42 प्रावधिक श्रेणी में रखे गए।
यह भी पढ़ें- सलकनपुर से दर्शन कर देवास लौट रहे श्रद्धालुओं का लोडिंग वाहन दो बार पेड़ से टकराया, 20 से ज्यादा घायल
राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित की गई थी। परीक्षा के दो दिन बाद आयोग ने प्रावधिक उत्तरकुंजी पोर्टल पर अपलोड कर दी। फिर अभ्यर्थियों को पांच दिनों तक प्रश्नों के उत्तर पर आपत्ति दर्ज करवानी थी। इस दौरान दो प्रश्नों को लेकर अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी की आशंका जताई थी। आयोग की समिति ने इन आपत्तियों की जांच की और इसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी। अब उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।