
MPPSC: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में रिक्त कुलसचिव पद को भरने के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया को बीच में रोक दिया है। इसके चलते अभ्यर्थियों को तगड़ा झटका लगा है। यह कदम मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) को उच्च शिक्षा विभाग से पत्र मिलने के बाद उठाया गया।
आयोग ने इस संबंध में सोमवार देर शाम वेबसाइट पर अधिसूचना जारी कर दी, जिसमें अभ्यर्थियों को शुल्क लौटाने की बात कही गई है। इसके लिए आयोग ने आनलाइन आवेदन मंगवाए हैं। यह प्रक्रिया 7 से 21 मई के बीच रखी गई है।
दरअसल, करीब दो दर्शक बाद उच्च शिक्षा विभाग ने रिक्त पदों को भरने के लिए सीधी भर्तियां निकाली थी। इसे लेकर आयोग ने 3 नवंबर 2022 को विज्ञापन जारी किया था, जिसमें कुलसचिव के चार पद के लिए आवेदन मांगे थे। तीन हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन करवाया था। आयोग के ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया कि 5 अप्रैल को उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को रोकने के संबंध में आयोग को पत्र लिखा।