Indore में एमआर-10 आरओबी को 8 लेन बनाने की बाधा दूर, रेलवे ने मंजूर की ड्राइंग, सिंहस्थ से पहले होगा तैयार
Indore MR-10 ROB: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए विभिन्न चौराहों पर फ्लाईओवर और रेलवे लाइन पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) बनाए जा रहे हैं। साथ ही मास्टर प्लान की अधुरी सड़कों को भी पूरा किया जा रहा है।
Publish Date: Thu, 01 May 2025 01:33:39 PM (IST)
Updated Date: Thu, 01 May 2025 01:33:39 PM (IST)
एमआर-10 और सुपर कारिडोर हो जाएगा आठ लेन (फोटो - नईदुनिया)HighLights
- वर्तमान के पास बनेगा 4 लेन का नया आरओबी
- 60 करोड़ रुपये में होगा आरओबी का निर्माण
- एमआर-10 की पुलिया भी होगी चौड़ी बनेगी
नईदुनिया, इंदौर (MR 10 ROB 8 lanes): एमआर-10 पर आवागमन की सुविधा के लिए वर्तमान रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के समांतर ही चार लेन का नया आरओबी बनाया जाना है। रेलवे ने इसकी ड्राइंग को मंजूरी दे दी है। अब इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) इसके लिए टेंडर जारी करेगा।
सिंहस्थ से पहले चार लेन आरओबी का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने से वाहनों का आवागमन आसान होगा और वर्तमान चार लेन आरओबी से भी दबाव कम होगा।
सिंहस्थ में वाहनों का सर्वाधिक दबाव यही रहेगा
- शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल एमआर-10 पर बने आरओबी की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। वर्तमान आरओबी के समांतर कुमेडी की तरफ चार लेन का नया आरओबी आकार लेगा।
- विगत दिनों बोर्ड बैठक में सहमति के बाद आईडीए ने रेलवे को मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा था। रेलवे ने जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) को मंजूरी दे दी है। अब आईडीए आगे की प्रक्रिया करेगा।
- सिंहस्थ में वाहनों का सर्वाधिक दबाव एमआर-10 पर रहेगा, इसलिए इसका निर्माण दो साल में पुरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
60 करोड़ अनुमानित लागत
चार लेन आरओबी बनाने के लिए आईडीए ने अनुमानित लागत 60 करोड़ रुपये तय की है। इसमें चार लेने का नया आरओबी बनाया जाएगा। इसके बाद वर्तमान आरओबी जाने और नया आरओबी आने के लिए उपयोग होगा।
अभी वर्तमान आरओबी पर ही एमआर-10 के पूरे वाहनों का दबाव है। चार लेन का नया आरओबी बनने के बाद एमआर-10 और सुपर कॉरिडोर पूरी तरह से आठ लेने हो जाएगा। सुपर कॉरिडोर पर बना रेलवे आरओबी पहले ही आठ लेन बनाया गया है।
पुलिया की भी बढ़ेगी चौड़ाई
एमआर-10 आरओबी के साथ ही पास में कान्ह नदी पर बनी पुलिया की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। यह पुलिया अभी चार लेन है। आठ लेन का आरओबी बनाने के साथ ही पुलिया को भी आठ लेन बनाया जाएगा। इससे वाहनों का आवागमन बगैर किसी बाधा के आसानी से हो सकेगा।