
Naidunia Nayika Award 2023: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शुक्रवार को इंदौर की शाम सम्मान के ऐसे सुखद पलों से सजी, जिन पलों में समर्पण की नम्रता भी थी, तो समाज की सेवा करने का विनम्र भाव भी। आरोग्य के पथ को रोशन करती ज्योति भी थी, तो नारी के स्वाभिमान की कीर्ति को फैलाती सकारात्मकता भी। यह अवसर था नईदुनिया द्वारा आयोजित नायिका सम्मान-2023 का।
बायपास स्थित होटल ग्रैंड शैरेटन पैलेस में हुए इस भव्य व सारस्वत समारोह में उन 30 नायिकाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में काम करते हुए समाज, शहर व राष्ट्र के हित में नि:स्वार्थ योगदान दिया। नायिकाओं को पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा तथा जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने सम्मानित किया।
मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा, भारत ऐसा देश है जहां नारी का सम्मान सर्वोपिर है। नईदुनिया ने यह परंपरा निभाई। नारी सच्ची मैनेजमेंट गुरु होती है, क्योंकि वह परिवार, समाज सभी को लेकर चलती है। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि नईदुनिया ने प्रतिभाओं को सम्मानित कर पवित्र कार्य किया है। यह विश्वास, सेवा, समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगा। आयोजन में नृत्यांजलि संस्था के कलाकारों ने कथक प्रस्तुत किया। आयोजन के सहयोगी मोयरा सरिया, ओमेक्स, अपोलो क्रिएशन प्रायवेट लिमिटेड और सेज यूनिवर्सिटी रहे।
समाजसेवा - मोनिका पुरोहित, कविता अचपाल, शालिनी रमानी, नम्रता सावंत, ललिता मालपानी व हेमल कामत।
विधि क्षेत्र - मिनी रविंद्रन व सीमा शर्मा।
शिक्षा - साक्षी अग्रवाल, रुचि वर्मा, डा. जमना मिश्रा, रश्मि चौधरी, अति जैन।
चिकित्सा - डा. भारती स्वर्णकार, डा. श्वेता वालिया, डा. मंजूश्री भंडारी।
सहायक चिकित्सा - पुष्पा ऋषि। प्रशासन : अर्चना लांजेवाल, परागी गोयल, प्रिया डांगी अौर र्कीति वाजपेयी।
पुलिस सेवा - किरण सिसोदिया व सीटू जरिया। कृषि: वैशाली मालवीय।
उद्योग - शानू मेहता। खेल : सविता पारखे। सहकारिता : मिनी शर्मा।
कला - श्रुति राजीव शर्मा। साहित्य : रश्मि रमानी।