
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एक तरफ तो नगर निगम आम जनता से पानी की बूंद-बूंद बचाने की अपील कर रहा है, दूसरी तरफ खुद नगर निगम की लापरवाही से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है। पिछले एक माह में लाइन फूटने की पांच बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें लाखों लीटर पानी बेवजह बह गया। रविवार को कनाडिया बायपास स्थित हनुमान मंदिर के पास नर्मदा लाइन फूट गई। इसके चलते घंटों सड़क पर पानी बहता रहा।
सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सुधार काम शुरू किया। जलकार्य समिति प्रभारी का कहना है कि जो लाइन फूटी है वह मेन लाइन नहीं बल्कि वितरण लाइन है। इसके फूटने से टंकियों के भराने में कोई परेशानी नहीं आएगी।
घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। जल वितरण के दौरान कनाडिया बायपास क्षेत्र में नर्मदा लाइन फूट गई। आशंका जताई जा रही है कि रात में यहां से कोई भारी वाहन गुजरा होगा। उसके दबाव से लाइन फूट गई। रविवार सुबह जब सप्लाई शुरू हुई तो पानी सड़क पर बह निकला और सड़क पर जमा होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब दो घंटे तक पानी बहता रहा। इस वजह से उन क्षेत्रों में जल वितरण प्रभावित हुआ जहां रविवार सुबह पानी पहुंचना था।
कनाडिया क्षेत्र में लाइन फूटने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी दी। तुरंत टीम रवाना हुई और सुधार कार्य शुरू किया। हमने लाइन सुधार दी है। यह वितरण लाइन थी। इसकी वजह से टंकियों के भराने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। - अभिषेक शर्मा बबलू, जलकार्य प्रभारी नगर निगम इंदौर
पिछले एक माह में नर्मदा जल बर्बादी की यह पांचवीं घटना है। एक तरफ नगर निगम पाइप लाइनें बदलने का दावा कर रहा है, दूसरी तरफ पुरानी लाइन दम तोड़ रही है। ये हैं शहर में हाल ही में हुई जल बर्बादी की प्रमुख घटनाएं...