
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नर्मदा से गंभीर नदी के मिलन के लिए शहर से 20 किलोमीटर दूर बड़ी कलमेर में संगम स्थल तैयार हो रहा है। इसके लिए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण ढाई करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। दो महीने के भीतर निर्माण पूर्ण कर अफसर उसके लोकार्पण की तैयारी करने में जुटे हैं। 80 फीसदी निर्माण भी हो चुका है।
बड़वाह से 58 किलोमीटर का सफर तय कर बड़ी कलमेर पहुंचने वाली नर्मदा की धारा गोमुख से निकलकर तीन घाट से होते हुए गंभीर नदी में मिलेगी। तीनों घाटों पर स्नान की सुविधा भी रहेगी। संगम स्थल का निर्माण गांव के उस हिस्से में किया जा रहा है, जहां पहले से होलकरकालीन शिव मंदिर है।
गार्डन और फव्वारें भी रहेंगे
- 2 हेक्टेयर में तैयार हो रहे संगम स्थल के लिए गंभीर नदी का किनारा चुना गया है
- यहां तीन घाट का निर्माण होगा, जिनकी गहराई 3 से 4 फीट तक होगी। घाटों को जोड़ने के लिए एक ब्रिज भी बनाया जा रहा है।
- झरने की तरह बहने वाले फव्वारे पर नर्मदा माता की मूर्ति होगी और उसका पानी पहले तालाब में भरेगा। उस तालाब से पानी गोमुख से होकर दूसरे और तीसरे तालाब में भरेगा।
- तालाब का पानी छोटी नहर के जरिए गंभीर नदी में जाकर मिलेगा।
- परिसर में दो छोटी टेकरी भी बनाई जा रही हैं। उसके पास पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी।
- परिसर में एक बॉटनिकल गार्डन तैयार किया जा रहा है और दूसरे हिस्से में खुशबूदार पौधे लगाए जाएंगे। एक फव्वारा भी लगेगा।
टूरिस्ट स्पॉट बनेगा
देपालपुर क्षेत्र में शहर के काफी लोग घूमने आते हैं। नर्मदा-गंभीर संगम स्थल को हम टूरिस्ट स्पॉट की तरह विकसित कर रहे हैं। यहां पार्किंग से लेकर स्नान के लिए घाट की सुविधाएं भी दी गई हैं।
- संजय जोशी, कार्यपालन यंत्री, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण