जनता पर जुर्माना और खुद बहा रहे पानी... इंदौर में फूटी नर्मदा लाइन, घंटों बहता रहा हजारों लीटर पानी
देर तक पानी सड़क पर बहता रहा, लेकिन किसी जिम्मेदार ने इसे रोकने की कोशिश नहीं की। परेशान लोगों ने निगम कंट्रोल रूम में फोन लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 06:48:38 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 06:48:38 PM (IST)
इंदौर में फूटी नर्मदा लाइनHighLights
- सड़क निर्माण के दौरान मधुमिलन चौराहे पर फूटी नर्मदा लाइन
- डेढ़ घंटे बाद पहुंची निगम की टीम, तब तक बहा हजारों लीटर पानी
- हाल ही में कनाडिया व खजराना समेत कई इलाकों में फूटी लाइनें
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एक तरफ नगर निगम नागरिकों से बूंद-बूंद पानी बचाने की अपील कर रहा है और पानी के अपव्यय पर दो हजार से दस हजार रुपये तक जुर्माना लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ खुद निगम की लापरवाही के चलते हजारों लीटर पानी बेकार बह रहा है। रविवार को मधुमिलन चौराहे पर नर्मदा लाइन फूट गई।
देर तक पानी सड़क पर बहता रहा, लेकिन किसी जिम्मेदार ने इसे रोकने की कोशिश नहीं की। परेशान लोगों ने निगम कंट्रोल रूम में फोन लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लगभग डेढ़ घंटे बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया, तब तक हजारों लीटर पानी बह चुका था।
मधुमिलन चौराहे से नवलखा की ओर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और जगह-जगह काम अधूरा पड़ा है। रविवार को इसी सड़क निर्माण के दौरान नर्मदा की वितरण लाइन फूट गई। देखते ही देखते पानी तेजी से गड्ढे में भरने लगा और कुछ ही देर में सड़क पर बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे की देरी से निगम की टीम पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया।
शहर में लगातार सामने आ रही हैं पाइपलाइन फूटने की घटनाएं
इंदौर में हाल के दिनों में नगर निगम की लापरवाही और देखरेख की कमी के कारण विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन फूटने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे लाखों लीटर पीने का पानी बर्बाद हुआ है और रहवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ा है...
- मधुमिलन चौराहे से छावनी रोड: 29 नवंबर 2026 को मधुमिलन चौराहे से छावनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पाइपलाइन फूट गई, जिससे हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया।
- जल्ला कॉलोनी (वार्ड नंबर 38): नवंबर 2026 में ड्रेनेज लाइन के काम के दौरान पाइपलाइन टूट गई थी। चार दिन तक लाइन नहीं जोड़ी गई, जिससे स्थानीय लोगों को नाली और ड्रेनेज के पास से पानी भरकर लाने पर मजबूर होना पड़ा।
- कनाडिया बाईपास: नवंबर 2026 में नर्मदा की वितरण पाइपलाइन पांचवीं बार फूटी, जिससे कई इलाकों में पानी की सप्लाई ठप हो गई और लाखों लीटर पानी बह गया।
- खजराना क्षेत्र: नवंबर 2026 में खजराना में नर्मदा पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह गया।
- भंडारी चौराहा: अक्टूबर 2026 में एक ट्रक के टकराने से नर्मदा पाइपलाइन फूट गई थी, जिसका पानी करीब 50 फीट ऊपर तक फव्वारे की तरह उड़ता रहा और डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बर्बाद होता रहा।
वितरण लाइन फूटने की सूचना मिलते ही सुधार के लिए टीम रवाना कर दी गई। टीम ने तुरंत सुधार कार्य किया। सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार को इस बार अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा है। - आशीष पाठक, अपर आयुक्त, नगर निगम इंदौर