
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Indore Municipal Removal Action । नगर निगम द्वारा नाैलखा चौराहे के सौंदर्यीकरण और लेफ्ट टर्न में बाधक अवैध निर्माणों को गुरुवार को हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की रिमूवल टीम ने जेसीबी के माध्यम चौराहे के दोनों ओर बनी करीब 35 गुमटियों को हटाया गया। कुछ यहां पर पक्के निर्माण वाली दो दुकानें भी बनी हुई थी जिन्हें कब्जाधारियों ने खुद भी हटाया।
गौरतलब है कि निगम द्वारा नौलखा चौराहे पर लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित किया जा रहा है। अब यहां पर चारों और निर्माण होने के कारण लेफ्ट टर्न न होने से वाहन चालकों को परेशाानी होती थी। इस चौराहे पर एक ओर विद्युत वितरण कंपनी के नई बाउंड्रीवाल को निगम द्वारा बनाया जा रहा है। इसके बनने के बाद मौजूदा बाउंड्रीवाल को तोड़ा जाएग और उस हिस्से में लेफ्ट टर्न का निर्माण किया जाएगा।

इसके अलावा गुरुवार को जो गुमटियां हटाई गई उनके स्थान पर भी लेफ्ट टर्न बनाया जाएगा। निगम की रिमूवल टीम सुबह 9.30 बजे यहां पर गुमटी व दुकानों को हटाने के लिए पहुंची। इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी से अवैध गुमटियों को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त लता अग्रवाल व क्षेत्रीय भवन अधिकारी व रिमूवल विभाग के 30 कर्मचारी मौजूद थे। जेसीबी से अवैध गुमटियों को तोड़ने के पश्चात निगम से कब्जाधारियों को अपने निर्माण की सामग्री को ले जाने दिया। अवैध निर्माणों को हटाने के लिए गुरुवार शाम चार बजे तक निगम की रिमूवल कार्रवाई जारी रही।