
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने एवं वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगवाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को एक दोपहिया वाहन पर छह हजार 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ट्रैफिक टीआई जोन-3 अरविंद दांगी यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए भ्रमण कर रहे थे। उनकी नजर एक दोपहिया वाहन पर पड़ी, जिसकी नंबर प्लेट पर अंक एमपी09ईडी 6114 को फैंसी स्टाइल में "बाप" लिखा गया था। टीआई द्वारा तत्काल वाहन को रुकवाकर चालक को अमानक एवं फैंसी नंबर प्लेट के संबंध में जानकारी दी गई।
शुरुआत में वाहन चालक का कहना था कि नंबर प्लेट पर एमपी09ईडी 6114 ही लिखा हुआ है, लेकिन जब उन्हें समझाया गया कि नंबर प्लेट पर अंकों को तोड़-मरोड़कर अथवा फैंसी तरीके से लिखना यातायात नियमों के विरुद्ध है और इससे वाहन की पहचान करने में परेशानी होती है, तो उसने गलती स्वीकार की। टीआई द्वारा वाहन चालक को समझाइश देते हुए अमानक नंबर प्लेट सहित अन्य उल्लंघन के लिए छह हजार 300 रुपये का जुर्माना किया गया।