
Indore Crime News: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। चंदन नगर थाना पुलिस में मदरसे में बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मदरसे में मौलवी बच्ची को पढ़ाने के बहाने अश्लील हरकत करता था। बच्ची ने बात स्वजनों को बताई तो, मौलवी ने बच्ची के मामा पर भी हमला करवा दिया। पुलिस ने मौलवी और उसके बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
चंदन नगर पुलिस के मुताबिक घटना रानीपुरा सिरपुर स्थित आले रसूल मदरसा की है। क्षेत्र में रहने वाली एक बच्ची हजरत अहमद हुसैन के मदरसे में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि पढ़ाने के दौरान हजरत ने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें की। बच्ची ने इस घटना के बारे में अपनी मां को बताया, तो मां ने अपने भाई से बात की। जब बच्ची के मामा मौलवी से बात करने गए तो हजरत के बेटे रजा ने उस पर हथौड़ी से हमला कर दिया। चंदन नगर पुलिस ने रात में ही हजरत पुत्र सैयद आजम हुसैन और उसके बेटे रजा के खिलाफ धारा 354, 323, 294, 506, 34, 7/8,9 (एफ), 10, 9(एल),10 पाक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया।
बच्ची की जुबानी: कमरे में ले जाकर छेड़ता था मौलाना
स्कूल से आने के बाद सितंबर से हजरत हुसैन के मदरसे में पढ़ने जाती थी। कुछ दिनों बाद हजरत छेड़छाड़ करने लगा। हजरत सबक पढ़ाने के बहाने अंदर वाले कमरे में ले जाता था। वह कमरे में उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। पांच अक्टूबर को जब घर लौट रही थी तो हजरत ने सभी बच्चों के जाने के बाद हाथ पकड़ लिया। मैं घबरा गई और दौड़ कर घर आई। मैंने मां को पूरी घटना बताई। मामा हजरत से बात करने गए तो उसके बेटे रजा ने हमला कर दिया।
(जैसा पीड़िता ने पुलिस को एफआइआर में बताया)
युवती को छेड़ा, धमकाया, केस
छत्रीपुरा पुलिस ने भी एक युवती की शिकायत पर मनचले के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित युवती का पीछा करता था। उसके साथ अश्लील हरकतें भी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपित का नाम सोहेल पुत्र हमीद निवासी मच्छी बाजार है। बियाबानी निवासी युवती से उसकी जान पहचान थी। आरोप है कि सोहेल युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा। उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।