
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Investment In Indore । पुणे की दवा कंपनी सावा हेल्थकेयर ने इंदौर के पास स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 15 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के साथ 200 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क (एसआईपी) में इंदौर प्लांट कंपनी की प्रमुख ग्रीन-फील्ड परियोजना होगी।
पुणे की इस दवा कंपनी ने अपने लिए अगले पांच सालों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। अगले पांच वर्षों में एक हजार करोड़ रुपये की कंपनी बनने के साथ ही वैश्विक अनुबंध अनुसंधान का लक्ष्य हासिल करने के लिए कंपनी विस्तार कर रही है। सावा हेल्थकेयर के चेयरमैन विनोद जाधव ने कहा इंदौर में स्थापित होने वाला संयंत्र यूएसएफडीए, ईयूजीएमपी, यूके एमएचआरए, टीजीए आदि जैसे उच्च निगरानी वाले देशों के मानकों के अनुरूप बनाया जा रहा है।
दवा कंपनी के इस ने प्लांट से 300 से भी ज्यादा लोगों को यहां रोजगार मिलेगा। कंपनी फेफड़ों के उपचार की दवाएं बनाती है। नेजल स्प्रे, ड्राई पाउडर इनहेलेशन, ओरल पाउडर और टापिकल्स के साथ-साथ ओरल सालिड डोजेज का निर्माण करती है। पीथमपुर के नए प्लांट में मीटर्ड डोज इनहेलेशन्स का निर्माण होगा।
इंदौर में निवेश कर रही सावा हेल्थकेयर पहले से गुजरात के सुरेंद्र नगर और कर्नाटक के मल्लूर में स्थित में अपने दवा निर्माण प्लांट संचालित कर रही है। सावा हेल्थ केयर कंपनी इस समय कनाडा, यूक्रेन और सीआईएस, एशिया, अफ्रीका और एफडब्ल्यूए में अपने उत्पाद निर्यात कर रही है। कोरोना काल के बाद फेफड़ों से सबन्धित व्याधियां बढ़ रही है।