
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेश के शहरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन बढ़ाने के लिए प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। केंद्र के निर्देश के बाद राज्य स्तर पर अब नगर निगमों और जिला प्रशासन को वार्डवार एक्शन प्लान बनाकर तय समय में काम पूरा करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। शहरों में पहले यह चिह्नित किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में पहले से पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है। ऐसे इलाकों को प्राथमिकता में रखते हुए घर-घर कनेक्शन देने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नगरीय निकाय वार्ड स्तर पर लक्ष्य तय करेंगे और उसी आधार पर काम आगे बढ़ेगा।
नई दिल्ली से वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में केंद्र सरकार ने यह तैयार करने के निर्देश दिए हैं। पीएनजी प्रोजेक्ट में अब सबसे बड़ा बदलाव मंजूरी प्रक्रिया में होगा। नगर निगम और संबंधित विभागों के बीच सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। सड़क खुदाई, पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने की अनुमति एक ही प्रक्रिया में मिलेगी। इससे लंबित फाइलें और देरी कम होगी।
काम की निगरानी के लिए हर जिले में प्रशासनिक स्तर पर टीम बनाई जाएगी। कलेक्टर और नगर निगम अधिकारियों की सीधी निगरानी में रोजाना प्रगति रिपोर्ट तैयार होगी। तकनीकी प्लेटफार्म के जरिए काम की ट्रैकिंग होगी।
राज्य में पीएनजी को बढ़ावा देने के लिए नगर निकायों को जागरूकता अभियान चलाने होंगे। साथ ही, पाइपलाइन कनेक्शन के लिए प्रशिक्षित प्लंबर और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि काम में रुकावट न आए।
इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में नगरीय निकायों में अवंतिका गैस लिमिटेड में दो लाख गैस कनेक्शन हैं। इनमें से एक लाख 40 हजार को गैस दी जा रही है। इसमें इंदौर में 70 हजार, ग्वालियर में 40 हजार व उज्जैन में 30 हजार कनेक्शन हैं। वही इंदौर व उज्जैन के बाहरी हिस्से में गुजरात गैस लि. कंपनी गैस उपलब्ध करवा रही है। जबकि रतलाम व झाबुआ जिले के नगरीय निकाय में गुजरात गैस लि. कंपनी गैस उपलब्ध करवा रही है।
हमें प्रशासन व नगरीय निकायों को पीएनजी पाइप डालने के लिए सहयोग मिल रहा है। अभी प्रतिदिन तीनों शहरों में 75 से 100 कनेक्शन रोज हो रहे हैं। हमारा लक्ष्य प्रतिदिन 300 से 350 कनेक्शन करने का है। वर्तमान में डिमांड भी बढ़ी है। हमारे पास प्रतिदिन 300 से 400 आवेदन पीएनजी कनेक्शन के लिए आ रहे हैं। एक माह में 100 से ज्यादा रेस्टोरेंट, होटल संचालकों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। हम तीनों शहरों में आइटीआइ से 50-50 प्रशिक्षित छात्र लेंगे, जो गैस कनेक्शन कर सकें।- पंकज भगत, मैनेजिंग डायरेक्टर, अवंतिका गैस लिमिटेड।