
कांग्रेस महासचिव ने इंदौर में कहा-न महंगाई घटी, न महिलाएं सुरक्षित हुईं
इंदौर। भाजपा ने चुनाव से पहले जिसका विरोध किया, उसे सरकार में आने के बाद अपना लिया। नीतियों के मामले में मोदी सरकार यूपीए-थ्री है। वादाखिलाफी के मामले में सरकार नंबर वन है।
यह बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आधार कार्ड, रिटेल में एफडीआई सीएसटी का विरोध किया था, लेकिन अब उसे अपना लिया। यह सरकार न तो विदेशों से कालाधन ला सकी और न महिलाओं की सुरक्षा कर सकी। महिला व बाल विकास मंत्रालय का बजट आधा कर दिया। उन्होंने कहा है कि वे व्यापमं मामले में सुप्रीम कोर्ट की शरण लेंगे। प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश ने कहा कि सरकार निजी बैंकों को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। छह सार्वजनिक बैंकों में सीएमडी नहीं हैं। इस कारण फैसला लेने में बैंकों को देरी हो रही है। महू में आमसभा के बहाने राहुल गांधी की रीलॉचिंग से जुड़े सवाल पर मोहन प्रकाश ने कहा कि राहुल स्वाभाविक नेता हैं। महंगाई के मुद्दे पर कहा कि भाजपा नेताओं के भाषणों में ही महंगाई कम हो रही है,जबकि दाल, पेट्रोल से लेकर अन्य चीजें महंगी हैं। एससीएसटी कांग्रेस सेल के अध्यक्ष के. राजू ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर की 125वीं जयंती को कांग्रेस महू में मना रही है। इसके बाद हर राज्य में आयोजन होंगे।
बिजली गई तो लौटने लगे नेता
प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता शुरू होने से पहले बिजली गुल हो गई। यह देख दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेता लौटने लगे। गेट तक पहुंचने के बाद लाइट आ गई तो नेता फिर हॉल में आए और फिर पत्रकारों से चर्चा की।-नप्र