Political Indore News: सचिव बनकर गांधी भवन पहुंचे पटेल, दरबार ने बनाई दूरी
Political Indore News: कांग्रेसियों ने किया स्वागत, महू की टीम रही नदारद।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Tue, 02 Nov 2021 05:54:43 PM (IST)
Updated Date: Tue, 02 Nov 2021 05:54:43 PM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, Political Indore News। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में सचिव बनने के बाद मंगलवार को पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल पहली बार कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर पहुंचे। धनतेरस के बावजूद जिला और शहर के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं का मजमा गांधी भवन में जुटा। विधायक और पूर्व मंत्री भी पटेल का स्वागत करने पहुंचे। सचिव के तौर पर पटेल ने गांधी भवन में रखे रजिस्टर में दस्तखत किए। जिला कांग्रेस की खासी भीड़ गांधी भवन में जुटी लेकिन महू की टीम इस स्वागत से नदारद रही।
इंदौर की देपालपुर और विधानसभा सीट पांच से विधायक रह चुके सत्यनारायण पटेल को बीते दिनों ही कांग्रेस में राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। नियुक्ति के साथ उन्हें उत्तरर प्रदेश में प्रियंका गांधी के साथ काम करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से शहर और जिला कांग्रेस में पटेल का कद बढ़ा हुआ माना जाने लगा। बिना गुट की राजनीति करने वाले पटेल के इंदौर लौटने पर जिला और शहर कांग्रेस ने गांधी भवन में स्वागत समारोह रखा।
इस दौरान पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के साथ सुरेश मिंडा, शैलेष गर्ग, चिंटू चौकसे, युवा कांग्रेस के रमीज खान और तमाम कार्यकर्ता गांधी भवन में जुटे। ग्रामीण कांग्रेस की ओर से भारी भीड़ जमा हुई। हालांकि पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे अंतरसिंह दरबार और महू की टीम गांधी भवन नहीं पहुंची। दरअसल, महू क्षेत्र में कांग्रेस के भीतर दरबार और हेमंत पाल के बीच राजनीतिक रस्साकशी चल रही है। पाल मंगलवार को गांधी भवन में थे। माना जा रहा है क्योंकि पाल गांधी भवन पहुंचे। इसलिए दरबार और उनकी टीम के कार्यकर्ता कांग्रेस के आयोजन में शामिल नहीं हुए।