
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने नए फ्लाईओवर और रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने की तैयारी तेज कर दी है।
रोबोट और रेडिसन चौराहों पर फ्लाईओवर के साथ ही एमआर-12 कैलोदहाला रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाने की तैयारी कर ली है। कैलोदहाला आरओबी निर्माण के लिए बुलाए गए टेंडर में तीन एजेंसियों ने रुचि दिखाई है। दीपावली के बाद इसके फाइनेंशियल प्रस्ताव खोले जाएंगे।
आईडीए लंबे समय से एमआर-12 सड़क का निर्माण कर रहा है, लेकिन सड़क के निर्माण में कई बाधाएं हैं। उज्जैन रोड से एबी रोड होते हुए बायपास को जोड़ने वाली यह सड़क 9 किमी लंबी है। इसका निर्माण टुकड़ों में करीब चार किमी हो चुका है। सड़क में आने वाले कैलोदहाला रेलवे क्रासिंग पर छह लेन आरओबी बनाया जाना है। आइडीए ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। निर्माण में रुचि दिखाने वाली तीन एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया दीपावली बाद होगी। इस फ्लाईओवर के बनने से रेलवे क्रासिंग पर वाहनों को रुकने की समस्या से राहत मिलेगी।
एमआर-12 पर फिलहाल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तीन लेन आरओबी का निर्माण कर रहा है। हालांकि इसका काम अभी 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है। इसी फ्लाईओवर के बगल में ही आइडीए तीन लेन का अतिरिक्त फ्लाईओवर बनाएगा। दोनों फ्लाईओवर तीन-तीन लेन के होंगे। इस तरह कुल छह लेन से वाहनों की आवाजाही हो सकेगी और मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
एमआर-12 के साथ एमआर-11 मार्ग भी सिंहस्थ के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इन मार्गों के विकास से शहर के यातायात को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। हालांकि एमआर-12 के निर्माण में रविदास नगर के कुछ निर्माण बाधक हैं। इसके कारण सड़क विकास की योजना प्रभावित हो रही है। इनके स्थानांतरण की तैयारी शुरू कर दी है।