Hello Doctor Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गर्मी में लोगाें को त्वचा संबंधित परेशानियां काफी होती हैं। लोग घर से बाहर जाते समय सिर व चेहरा ढंककर रखें। धूप में निकलने पर सनस्क्रीन लगाएं तो त्वचा संबंधित एलर्जी व परेशानियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। गर्मी में ढीले व सूती कपड़े पहनना चाहिए। चुस्त कपड़े पहनने से पसीना आने पर फंगल इंफेक्शन हो सकता है।
ये बातें चर्म रोग विशेषज्ञ डा. अमजद पटेल ने बुधवार को हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कहीं। उन्होंने बताया, युवा पीढ़ी अब फास्ट फूड व तैलीय चीजों का ज्यादा सेवन कर रही हैं। इसके कारण पिंपल की समस्या बढ़ी है। खानपान पर नियंत्रण से इसे कम किया जा सकता है। महिलाओं में हार्मोनल बदलाव के कारण बाल झड़ने की समस्या होती है। इससे ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।
चेहरे पर बार-बार पसीना आने के कारण कील-मुंहासे होते हैं। ऐसे में चेहरे की सफाई का ध्यान रखें। कई लोग त्वचा संबंधित परेशानियों में सामान्य डाक्टर या गली के झोलाछापों के पास पहुंच जाते हैं। ऐसे में उचित उपचार न मिलने पर परेशानी बढ़ जाती है। त्वचा संबंधित परेशानी होने पर संबंधित विशेषज्ञ से ही परामर्श लें।
नमी बने रहने से पनपते हैं बैक्टीरिया, गर्मी के दिनों में दो बार नहाएं
सवाल: मेरी उम्र 52 साल है, मुझे खुजली होती है। कई बार होंठ भी मोटे हो जाते हैं। हाथ-पैर में भी जलन होती है? -कैलाश सिंह चौहान, गौरी नगर
जवाब: आपको पित्त की बीमारी है। कई लोगों को बेसन व बैंगन, ड्रायफ्रूट, दूध से बनी चीजों के सेवन के कारण ऐसा होता है। कुछ लोगों को नानवेज खाने या गर्म पानी से नहाने से भी यह परेशानी होती है। पहले अपने स्तर पर पता करें कि किसी चीज के खाने-पीने से आपको परेशानी हो रही है। उसे कम करे। एलर्जी की जांच करवाकर चिकित्सक की सलाह से दवा ले सकते हैं।
सवाल: मुझे बालों में रूसी की समस्या है। - ईशान शर्मा, एमआइजी
जवाब: आप एंटी फंगल शैम्पू का इस्तेमाल करें। बालों में तेल न लगाएं और बाल छोटे रखें। भौंहों पर भी समस्या बढ़ रही है तो चर्म रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।
सवाल: मेरे पांव की अंगुलियों व हाथ में दराद हो जाती है? - चंद्रप्रकाश संचेती, सुदामा नगर
जवाब: आप ढीलेढाले कपड़े पहनें। एंट्री फंगल क्रीम व दवाओं का इस्तेमाल करें। यह चिकित्सक से परामर्श लें।
सवाल: पत्नी को एग्जिमा है। दवा बंद करने पर समस्या बढ़ जाती है? - महेश उपाध्याय, संगम नगर
जवाब: कई बार इस बीमारी के कारण का पता नहीं चलता है। नए चप्पल-जूते पहनने पर भी यह समस्या होती है। इसकी दवाएं लंबे समय तक लेनी पड़ती है। रक्त संबंधित जांच के अलावा चमड़ी के टुकड़े की जांच करवाकर एलर्जी के कारण का पता लगाया जा सकता है।
सवाल: मुझे मुहांसे हैं और दर्द भी होता है। दवाएं लेने पर बाल झड़ने जैसी समस्या बढ़ जाती है? - तनुश्री राव, एमआर-10
जवाब: महिलाओं में हार्माेन असंतुलन के कारण परेशानी होती है। आप चेहरे पर सनस्क्रीन लोशन लगाएं। तेल व मैदे वाली चीजों के सेवन से बचें। चिकित्सक से परामर्श लें।
सवाल: बड़े भाई के पैर की एड़ी फट रही है। घुटने के नीचे व पैरों के तलवे के बीच हिस्से के बीच में पिछले एक माह से कालापन भी हो रहा है? -वेद प्रताप आर्य, भागीरथपुरा
जवाब: उन्हें चर्म रोग विशेषज्ञ से मिलकर उपचार लेना चाहिए।
सवाल: कुछ समय पहले बुखार आया था। उसके बाद से बाल झड़ने की समस्या हो गई है? - उमा आर्य, भागीरथपुरा
जवाब: बुखार आने के बाद टेलोजन एफ्यूबियम के कारण बाल झड़ने की समस्या होती है। आप रक्त की जांच करवाकर डाक्टर से परामर्श लें।
सवाल: गर्मी में त्वचा संबंधित परेशानी बढ़ती है। दो पहिया वाहन पर घूमने वाले व घरों से काम करने वालों को यह समस्या ज्यादा होती है? - अनिल कवचाले, गुमाश्ता नगर
जवाब: जिन लोगों को ज्यादा पसीना आता है, उनके अंगों में नमी बने रहने से बैक्टीरिया पनपते हैं। इससे त्वचा रोग होते हैं। ऐसे लोग ढीले व सूती वस्त्र पहनें। गर्मी के दिनों में दो बार नहाएं।
सवाल: मेरी उम्र 75 साल है, गर्मी में मुंह पर काले धब्बे पड़ जाते है और खुजली भी होती है? -मदन सिंह ठाकुर, प्रकाश नगर
जवाब: धूप में निकलने से बचें। सनस्क्रीन का उपयोग करे।
सवाल: तीन साल से पांव में खुजली है ? -चित्रा जोशी, रामबाग
जवाब: खटाई, पैक्ड कोल्ड्रिंग व ज्यूस पीने या पेट की गड़बड़ी व थायराइड के कारण समस्या हो सकती है। यह जानने का प्रयास करें कि किस चीज से ऐसा हो रहा है।
सवाल: मेरी त्वचा में जलन हो रही है। जांघ व पेट पर भी जलन होता है? -अशोक नंदवाल, विजयनगर
जवाब: शरीर में रुखे पन के कारण ऐसा हो रहा है। नहाने के बाद माइश्चराइजर या नारियल तेल त्वचा पर लगाएं।
सवाल: हृदय संबंधित आपरेशन हुआ था, उसके बाद पैर व पीठ पर काफी बाल आ गए हैं? -ओम प्रकश कंधारी, उषा नगर
जवाब: लेजर ट्रीटमेंट से बालों की हटाया जा सकता है। इसके लिए चर्म रोग विशेषज्ञ मिलें।
सवाल: मेरी एड़ी की त्चचा में पपड़ी निकल गई है, त्वचा सामान्य कम तक होगी? - सुरेश मित्तल, अग्रवाल नगर
जवाब: एड़ी की त्वचा मोटी होती होती है, ऐसे में तीन से चार माह में यह सामान्य रूप में आ जाती है।
Posted By: Sameer Deshpande
- Font Size
- Close