
इंदौर, नईदुनिया रिपोर्टर। नईदुनिया और रेस कोर्स रोड नवदुर्गा मंडल के संयुक्त आयोजन 'रास-उल्लास' गरबा महोत्सव के रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही लोगों में उत्साह है। 6 सितंबर से शुरू होने जा रहे प्रशिक्षण शिविर के पहले लोग अलग-अलग कैटेगरी में रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। हाई वोल्टेज म्यूजिक और जगमगाती रोशनी में पारिवारिक माहौल के बीच रास उल्लास में भक्ति के अलहदा रंग देखने को मिलते हैं। 2006 से नईदुनिया द्वारा आयोजित किए जा रहे रास उल्लास गरबा महोत्सव का यह 11वां साल है।
यह वह आयोजन होता है जब मालवा की धरती पर गुजरात के गरबों का समां नजर आता है। 21 सितंबर से अभय प्रशाल में होने वाले रास उल्लास के लिए हर आयु वर्ग के लिए गु्रप्स में रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। वहीं कई लोग पूरे परिवार के साथ इसका हिस्सा बनने जा रहे हैं। कई प्रतिभागी ऐसे भी हैं जो कई सालों से रास उल्लास में गरबे का लुत्फ उठा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी यहां कुछ नयापन प्रतिभागियों को मिलेगा। हर दिन अलग कलर थीम, ढ़ेरों पुरस्कार, उत्साहित दर्शक प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे।
हीरल कमानी के सुरों पर खनकेंगे डांडिया
गरबे में सबसे अधिक अहमियत म्यूजिक की होती है। नईदुनिया के रास उल्लास में हर साल नेशनल लेवल ऑर्केस्ट्रा ही लाइव म्यूजिक परफॉर्म करती है। इस बार सेलिब्रिटी सिंगर हीरल कमानी अपने ग्रुप 'ताल के साथ गरबे का उल्लास बढ़ाएंगी। लाइव परफॉर्मेंस के लिए हीरल कमानी जाना पहचाना नाम हैं। उनके साथ परफॉर्म करने के लिए उनकी पूरी टीम मौजूद रहेगी।
गुजरात के कोरियोग्राफ देंगे प्रशिक्षण
गरबे के प्रशिक्षण शिविर 6 सितंबर से यशवंत क्लब परिसर में शुरू होने जा रहे हैं। गरबे की परिकल्पना करते ही सबसे पहले गुजरात का नाम जेहन में आता है। रास उल्लास के लिए गुजरात के प्रोफेशनल कोरियोग्राफर प्रतिभागियों को ट्रेडिशनल, फ्यूजन, फ्री स्टाइल, वेस्टर्न, बॉलीवुड स्टाइल गरबे के स्टेप्स सिखाएंगे। महिलाओं के लिए दोपहर 12.30 बजे से विशेष बैच भी रखा गया है। इसमें सिर्फ महिला सदस्याएं ही होंगी। प्रशिक्षण के लिए पांच बैच होंगे।
पांच कैटेगरी में होगा रजिस्ट्रेशन
रास उल्लास में में पांच कैटेगरी एकल महिला, एकल पुरुष, कपल, फैमिली और किड्स में रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। एकल महिला के लिए शुल्क 1500 रुपए, एकल पुरुष के लिए 2 हजार रुपए, कपल के लिए 2500 रुपए, फैमिली के लिए 3 हजार रुपए और किड्स के लिए 500 रुपए शुल्क रखा गया है। रजिस्ट्रेशन नईदुनिया कार्यालय (5वीं मंजिल, विक्रम अरबेन, विजय नगर), धेनु मार्केट स्थित रतन आयुर्वेदिक संस्थान और रेस कोर्स रोड स्थित अभय प्रशाल में करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में 9993099017 पर संपर्क किया जा सकता है।