
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शनिवार को हो रहे छात्रों की गूंज में राहुल गांधी एक से डेढ़ घंटे तक युवाओं से बात करेंगे। बीते वर्षों में सामने आए पटवारी परीक्षा घोटाले से लेकर नर्सिंग घोटाला और ओबीसी आरक्षण पर रोकी जा रही सीटें जैसे शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दें उनकी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में मप्र से हुई राजनीतिक प्रभाव वाली नियुक्तियां भी गूंज सकती है। मंच पर राहुल गांधी के साथ कुछ युवा नजर आएंगे लेकिन कांग्रेस नेताओं को दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन से काफी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस नेताओं ने होटल से आयोजन स्थल तक ले जाने के लिए एबी रोड-भंवरकुआं का रूट तय किया गया है।आसार है कि भंवरकुआं पर छात्रों के बीच राहुल काफिला रुक भी सकता है।
इंदौर यात्रा के पहले राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पोस्ट कर पूछा कि इंदौर वाले क्या खिलाओंगे पोहा या जलेबी । माना जा रहा है कि राहुल 56 दुकान भी जा सकते हैं। आयोजन स्थल पर करीब 40 हजार युवाओं के लिए व्यवस्था की गई है। राक कंसर्ट की तर्ज पर श्रोता खड़े रहेंगे। राहुल गांधी के मुख्य मंच की बायीं ओर श्रोताओं के बीच एक मंच बनाकर प्रदेश के चुनिंदा कांग्रेस नेताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।
हालांकि कांग्रेस के झंडे पूरे आयोजन स्थल पर दिखाई नहीं देंगे। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक पोस्टर जारी कर खलबली मचा दी है। इसमें लिखा गया है कि आरएसएस-भाजपा अशिक्षा और बेरोजगारी बढ़ाने के एक्सपीरीमेंट कर रहे हैं और मप्र इनकी लैबोरेटरी है। राहुल गांधी के आने के पहले शुक्रवार को तमाम नेता और दिल्ली की टीम इंदौर पहुंच गई है।
राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने शुक्रवार को इंदौर में बयान दिया कि हमनें आरएसएस के पदाधिकारियों को भी छात्रों की गूंज के लिए आमंत्रण दिया है।उन्होंने पीएम मोदी पर तंज किया और कहा कि वास्तविक मु्दों की बजाय सरकार का ध्यान इवेंट मैनेजमेंट पर है। मोदी ने देश को सर्कस बना दिया है।
शुक्रवार को भी युवाओं के बीच पंजीयन और प्रचार का दौर चला। युवा कांग्रेस के महक नागर, सरफराज अंसारी, अमित चौरसिया ने गांधी हाल में युवाओं की गूंज का आयोजन किया। युवाओं ने शिक्षा और राहुल गांधी पर आधारित पेंटिंग बनाई। गीत-संगीत और कविता प्रतियोगिता से छात्रों को आमंत्रित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी युवाओं से संपर्क करते दिखे।
छात्रों की गूंज के आयोजन स्थल के पास सिख समाज की ओर से लंगर का आयोजन किया जा रहा है। करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इस बीच कांग्रेस ने अपने नेताओं को राहुल गांधी के एयरपोर्ट से होटल तक के रास्ते पर कांग्रेस नेता विधानसभावार एक-एक चौराहे पर स्वागत मंच लगाएंगे। एयरपोर्ट पर चुनिंदा नेताओं से राहुल गांधी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेताओं को ताकीद किया गया है कि मिलने के लिए जिद ना करें।