
Rain in Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में सोमवार को दिन में गर्मी व उमस के बाद रात आठ बजे बाद शहर में मौसम का मिजाज लगातार दूसरी रात बदला। शहर के पूर्वी और मध्य क्षेत्र में मेघों की गर्जना ने घरों में बैठे लोगों को सहमाया।
रीगल क्षेत्र में 15 मिनट में 24 मिमी, तो सवा घंटे में 50 मिमी बारिश दर्ज हुई। हालांकि एयरपोर्ट क्षेत्र में रात 11.30 बजे तक छह मिमी ही बारिश दर्ज हुई। तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए दृश्यता भी कम हो गई।
इससे वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। सवा घंटे हुई वर्षा में रविन्द्र नगर, सुभाष नगर, नेहरू नगर, बीआरटीएस, चंद्रभागा क्षेत्र सहित शहर के कई इलाकों में सड़कें लबालब हो गईं।
आज शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चलने के साथ मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।

आसमान में बिजली चमक रही थी, लेकिन घरों में बत्ती बार-बार गुल हो रही थी। रीगल क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 77 मिमी बारिश दर्ज हुई।
एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 23 जून को 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 2003 में बना था, जब 127.3 मिमी बारिश हुई थी। शहर में अभी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है।
सोमवार रात बारिश के कारण शहर के मध्य और पूर्वी हिस्से में कई सड़कों व चौराहों पर जल जमाव के कारण लोग परेशान हुए। सवा घंटे में हुई 50 मिमी वर्षा ने इंदौर नगर निगम के इंतजामों की पोल खोल दी।
शीतल नगर, निरंजनपुर, स्कीम नंबर 114, अंजनी नगर, महालक्ष्मी नगर, नेहरू नगर सहित कई इलाकों में ड्रेनेज का पानी घरों में घुसने की शिकायत भी पहुंची।
बीआरटीएस, विजयनगर, भंवरकुआं, अन्नपूर्णा, सुदामा नगर क्षेत्र में भी तेज वर्षा के कारण जल जमाव हुआ। रात 11 बजे वर्षा थमी। आज शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चलने के साथ मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मानसूनी बारिश की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर अभी सात वेदर सिस्टम हैं।
सोमवार को ग्वालियर में सबसे ज्यादा तापमान 40 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के रतलाम में 28 मिमी बारिश दर्ज हुई, उधर नर्मदापुरम में 25 मिमी, छिंदवाड़ा में 7 मिमी, ग्वालियर जिले में 2 मिमी बारिश हुई।