Sonam Raghuvanshi: कहीं सोनम रघुवंशी का मोहरा तो नहीं था राज कुशवाह, असली किरदार कोई और…
Sonam Raghuvanshi: राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी की भूमिका पर संदेह है। पुलिस जांच में कई सवाल अनसुलझे हैं। सोनम के राज कुशवाह के साथ प्रेम संबंधों पर भी सवाल उठ रहे हैं। देवास के जितेंद्र रघुवंशी के नाम के संदिग्ध बैंक अकाउंट में लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है और सच का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Publish Date: Wed, 11 Jun 2025 07:42:48 AM (IST)
Updated Date: Wed, 11 Jun 2025 08:33:51 AM (IST)
सोमन रघुवंशी और राज कुशवाह की तस्वीर।HighLights
- सोनम के मोबाइल में राज का नंबर दीदी के नाम से सेव था।
- परिवार वालों के मुताबिक वह सोनम को दीदी ही कहता था।
- पुलिस की जांच में चार संदिग्ध बैंक अकाउंट भी मिले हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर (Indore News)। राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी को लेकर एक नई थ्योरी सामने आ रही है। आशंका है कि सोनम ने राज कुशवाह को राजा को मारने के लिए मोहरे की तरह इस्तेमाल किया, लेकिन इस पूरी घटना में असली किरदार कोई और हो।
राज के फोन में सोनम का मोबाइल नंबर सोनम दीदी के नाम से सेव था। घर पर भी फोन आने पर दीदी बोलकर ही संबोधित करता था। सोनम से सिर्फ काम के सिलसिले में उसकी बात होती थी। ऐसा सोनम के भाई गोविंद ने भी अपने बयान में बताया है। स्वजनों ने भी कहा है कि वह सोनम दीदी कहकर ही संबोधित करता था।
संदेह है कि मुख्य किरदार कोई और हो सकता है
ऐसे में किसी को गले नहीं उतर रहा है कि दोनों प्रेमी हैं। इन तमाम बातों से संदेह पैदा होता है कि इस मामले में मुख्य किरदार कोई और हो सकता है और राज को सोनम ने सिर्फ मोहरा बनाया हो। पुलिस की जांच की जद में चार संदिग्ध बैंक अकाउंट भी मिले हैं। जिनमें लाखों रुपयों का ट्रांजेक्शन हुआ है।
![naidunia_image]()
इसमें एक करंट अकाउंट भी है। चारों खाते देवास के जितेंद्र रघुवंशी के नाम के हैं। पता चला है कि राज से सोनम व्यवसाय संबंधित सारे काम लेती थी। यहां तक कि हवाला का पूरा काम भी राज ही देखता था। इसी संबंध में दोनों की बात होती थी। इन्कार नहीं किया जा सकता कि राज की जगह कोई तीसरा व्यक्ति सोनम के संपर्क में हो।
कई सवाल अनसुलझे
- सोनम रविवार रात से उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में थी। शिलांग एसआईटी और इंदौर क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर रही है। तीन दिन बाद भी हत्याकांड के मददगारों की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी?
- सोनम हत्या के बाद कहां-कहां गई यह जानकारी स्पष्ट क्यों नहीं हुई?
- जिन चार संदिग्ध खातों की जानकारी मिली वे देवास के जितेंद्र रघुवंशी के नाम के हैं। यह जितेंद्र कौन है और क्या करता है यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है?
- राजा की अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट अभी तक क्यों नहीं मिली?
- सोनम के पास दो आइफोन थे। दोनों ही गायब हैं। इन फोन में महत्वपूर्ण डेटा, चैटिंग और फोटो हैं। इसकी भी कोई जानकारी नहीं है?