
विशेष संवाददाता। नईदिल्ली। मध्य प्रदेश के खाते में सोमवार को एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। प्रदेश के जबलपुर से सांसद राकेश सिंह को भाजपा ने संसद में अपना चीफ व्हिप नियुक्त किया है। राकेश सिंह ने यह जिम्मेदारी संभाल भी ली है। पार्टी के चीफ व्हिप का यह पद हाल ही में राजस्थान के सांसद अर्जुन मेघवाल के मंत्री बन जाने के बाद से खाली था। जिसे पार्टी ने सोमवार को संसद के मानसून सत्र के शूरू होने के साथ ही भर दिया।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो चीफ व्हिप का पद पार्टी में रणनीतिक तौर से काफी अहम होता है। क्योंकि पार्टी की संसद के भीतर बनने वाली प्रत्येक रणनीति में भागीदारी होती है। साथ ही पार्टी से प्रत्येक निर्णय और रणनीति से पार्टी के सांसदों को भी अवगत कराता था। वह पार्टी के मंत्रियों और सांसदों के सवाल-जबाव पर भी नजर रखता है।
बाद में इसकी रिपोर्ट वह पार्टी की रणनीतिक बैठकों में भी करता है। बता दें कि मध्य प्रदेश के हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तरा में तीन मंत्रियों को जगह दी गई थी। इसके बाद मप्र से पार्टी का चीफ व्हिप बनाया जाना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
मप्र का पहले से ही है दबादबा
मध्य प्रदेश का केंद्रीय राजनीति में पहले ही अच्छा खासा दबदबा है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन मध्य प्रदेश के इंदौर से ही सांसद है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल में मध्य प्रदेश के कोटे से सुषमा स्वराज, नरेंद्र सिंह तोमर, थावर चंद गहलोत, प्रकाश जावडेकर, अनिल माधव दवे, एम जे अकबर, फग्गन सिंह कुलस्ते आदि नाम शामिल है। इसके अलावा केंद्रीय संगठन में प्रभात झा और कैलाश विजयवर्गीय के पास पार्टी की महत्पपूर्ण जिम्मेदारी है।
दवे और तन्खा ने ली शपथ
राज्यसभा के लिए निर्वाचित अनिल माधव दवे और विवेक तन्खा ने सोमवार को राज्यसभा के सदस्य की शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान मंत्री बनाए गए सदस्यों का सदन से परिचय कराया। इस दौरान पर्यावरण और वन मंत्री अनिल माधव दवे का भी परिचय कराया गया। राज्यसभा के सदस्य की शपथ ले पहले ही दवे को मंत्री बनाया दिया गया था। इसी बीच राज्यसभा में सोमवार को अलग-अलग राज्यों से चुन कर आए 44 सदस्यों में 43 को शपथ दिलाई गई। आंध्र प्रदेश से निर्वाचित वाय एस चौधरी इस दौरान अनुपस्थित रहे।