Ram Mandir Pran Pratishtha: भगवान श्रीराम के स्वागत को इंदौर में हजारों माएं बनेंगी कौशल्या
इंदौर में जगह-जगह महिला क्लब विभिन्न आयोजन करने की तैयारी कर रहीं हैं। इस उपलक्ष्य में शहर की महिलाएं इस दिन दीपक जलाने, घर सजाने, पूजा, अनुष्ठान सहित कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम करेंगी।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 21 Jan 2024 08:38:09 AM (IST)
Updated Date: Sun, 21 Jan 2024 10:47:23 AM (IST)
ट्रेजर फेंटेसी रहवासी संघ की महिलाएं जाप करते हुए।HighLights
- 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में इंदौर शहर की महिलाएं आयोजित करेंगी कार्यक्रम।
- दीपक जलाने, घर सजाने, पूजा, अनुष्ठान सहित कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम करेंगी।
Ram Mandir Pran Pratishtha: विनय यादव, इंदौर। त्रेतायुग में आश्विन माह में शुक्ल पक्ष की दसवीं तिथि को लंकापति रावण का वध करने के बाद श्रीराम कार्तिक अमावस्या के दिन अयोध्या वापस लौटे थे। तब मां कौशल्या अपलक अपने ‘रामलला’ को निहार रहीं थीं, मां सुमित्रा और मां कैकई भी राम-लक्ष्मण और सीता की न्यौछावर कर रहीं थीं। ठीक ऐसा ही दृश्य अब 22 जनवरी को देखने को मिलेगा।
विभिन्न आयोजन होंगे
रोचक बात यह होगी कि इस बार केवल अयोध्या नहीं पूरे देश में माएं कौशल्या के रुप में स्वागत करने की तैयारी में हैं। इंदौर में जगह-जगह महिला क्लब विभिन्न आयोजन करने की तैयारी कर रहीं हैं। इस उपलक्ष्य में शहर की महिलाएं इस दिन दीपक जलाने, घर सजाने, पूजा, अनुष्ठान सहित कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम करेंगी।
शोभा यात्रा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम
विज्ञान नगर रहवासी संघ की सांस्कृतिक सचिव डा. कविता शर्मा ने बताया कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में विज्ञान नगर उद्यान में श्रीरामोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें छोटे बच्चे चल समारोह करेंगे। लवकुश ग्रुप के बच्चे नृत्य नाटिका के माध्यम से रामायण की प्रस्तुती देंगे। महिला समूह द्वारा नृत्य की प्रस्तुति भी होगी। खुली जीप और डीजे गाड़ी से शोभायात्रा निकालेंगे। उद्यान में वापस आकर श्रीराम को 56भोग लगेगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, आरती और श्रीराम स्तुति होगी। कार्यक्रम में कालोनी से प्रत्येक घर से पांच-पांच दीपक की आरती की थाली और एक-एक भगवा ध्वज लेकर आएंगे।
आठ हजार ध्वज किए तैयार
श्रीराम ने नारी सम्मान के लिए समुद्र पर सेतु बांध दिया और आज जब हमें प्रभु के लिए कुछ करने का मौका मिला है तो हम पीछे क्यों हटें। इसी विचार के साथ महाराष्ट्र समाज राजेंद्र नगर महिला समूह द्वारा भगवा ध्वज सिले जा रहे हैं और अभी तक ये महिलाएं करीब आठ हजार ध्वज तैयार कर चुकी हैं। ये ध्वज क्षेत्र के घर, दुकान, मंदिर पर लगाए जाएंगे। इन ध्वजों को महिलाएं निश्शुल्क तैयार कर रही हैं। समूह की मृदुला देशपांडे बताती हैं कि समूह की करीब 20 महिलाओं द्वारा यह ध्वज तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा राजेंद्र नगर स्थित श्रीराम मंदिर में समूह की महिलाओं द्वारा भजन भी किए जा रहे हैं। 22 जनवरी की शाम सात बजे राजेंद्र नगर स्थित श्रीराम मंदिर में क्षेत्र की महिलाओं द्वारा सामूहिक जाप होगा।
सुंदरकांड और भजन संध्या होगी
विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था की कार्यकारिणी का सुखलिया मंडल सुंदरकांड और भजन संध्या का आयोजन करेगा। संगठन की प्रमिला शर्मा ने बताया कि दोपहर दो बजे से सुंदरकांड कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद शाम को भजन संध्या होगी जिसमें श्रीराम के कई भजनों को गाया जाएगा। इसमें मोहल्ले के साथ ही शहर की कई महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद प्रसाद वितरण भी होगा।
सुबह होंगे भजन फिर महाप्रसाद
सिल्वर आक्स कालोनी के रहवासी यूं तो कई कई उत्सव अलग-अलग समूह बनाकर मनाते हैं लेकिन प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव इस बार सामूहिक रूप से मनाया जा रहा है। ज्योत्सना सोहनी बताती हैं कि 22 जनवरी को कालोनी की सुभाष वाटिका में वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में शहर की भजन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। सुबह 11 बजे तक भजन का रसपान रहवासी करेंगे और उसके बाद प्रोजेक्टर पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का प्रसारण देखेंगे। उत्सव की इस बेला में महिलाएं खासी सहभागिता निभा रही है। कालोनी में जगह-जगह रंगोली बनाई जाएगी और रात को दीपमाला भी सजेगी। इस धार्मिक आयोजन के बाद भोजन प्रसाद भी रखा गया है ताकि उत्सव के उल्लास में कहीं कोई कमी नहीं रहे।