
RTO Indore नवीन यादव, इंदौर। केंद्र सरकार के वाहन पोर्टल पर वाहनों का पंजीयन शुरू हो गया है। वहीं वीआइपी नंबरों की नीलामी भी अब इसी पोर्टल पर होगी। इसके अलावा बिना बिके वीआइपी नंबरों को बिना नीलामी के सात हजार रुपये में खरीदने के लिए अभी रुकना होगा। विभाग करीब छह माह के इंतजार के बाद इस व्यवस्था को लागू करेगा। इंदौर में 45 हजार से ज्यादा नंबर खाली है।
परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के वीआइपी नंबरों की आनलाइन नीलामी की जाती है। इन नंबरों को अब तक मध्यप्रदेश परिवहन की वेबसाइट पर नीलामी के माध्यम से बेचा था। हर माह में दो बार एक से लेकर सात और 15 से 21 तारीख तक बोली लगा कर खरीदा जाता था। पंसदीदा नंबर पर बोली लगाने के लिए वाहन मालिक नंबर की आधार कीमत भर कर इसमें शामिल होता था। अगर दो दावेदार होते थे तो अधिक बोली लगाने वाले आवेदक को विजेता घोषित किया जाता था। लेकिन अब इस व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है।
अब केंद्र सरकार के वाहन पोर्टल पर पंजीयन की व्यवस्था शुरू होने के साथ ही अब वीआइपी नंबरों की नीलामी भी यहीं से की जाएगी। मध्यप्रदेश परिवहन की वेबसाइट पर इसे रोक दिया गया है। वाहन पोर्टल पर इसे 15 अगस्त से शुरू किया जाएगा। आवेदक हर सप्ताह सोमवार से अपने पंसदीदा नंबर के लिए बोली लगा सकेंगे। यह नीलामी गुरुवार रात तक चलेगी। गुरुवार को ही विजेता के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
कार का एक नंबर रह गया खाली
जानकारी के अनुसार एमपी 09 डब्लूएन सीरीज हाल ही में शुरू हुई थी। एक अगस्त से उसके वीआइपी नंबर बेचे जाने थे, लेकिन नीलामी ही नहीं हुई, इसलिए अब नंबर बिना बिके रह जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अब सभी वाहनों के लिए एक सीरीज रहेगी। इससे अच्छी प्रतिस्पर्धा रहेगी। बिना बिके नंबरों को 7 हजार में बेचने के लिए हम तैयारी कर रहे है। करीब छह माह बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।