Religious News Indore: अशांत भटकते व्यक्ति को सही मार्ग दिखाती शिवपुराण कथा
श्रीविद्याधाम पर चल रही कथा में आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री ने कहा।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Fri, 13 Aug 2021 12:51:19 PM (IST)
Updated Date: Fri, 13 Aug 2021 12:51:19 PM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, Religious News Indore। शिवपुराण की कथा हम सबके कल्याण और अशांत भटकते व्यक्ति को सही मार्गदर्शन देने की कथा है। शिव कल्याण और शांति के ही पर्याय हैं। शिव पुराण के लिए हमारी भक्ति में निरंतरता और श्रध्दा-आस्था में अखंडता होना चाहिए। पाप-पुण्य का बोध सत्संग से ही होगा। सत्संग से जीव के कल्याण होता है। उसे उचित अनुचित का ज्ञान मिलता है। व्यक्ति को जब साधु की संगत का अवसर मिले उसे उसका लाभ अवश्य लेना चाहिए।
यह बात भागवताचार्य आचार्य राहुल कृष्ण शास्त्री ने एरोड्रम रोड स्थित श्रीविद्याधाम पर कही। वे संस्था श्रीराजवंश के तत्वावधान में आयोजित शिव महापुराण कथा में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज समाज को सत्यम शिवम सुंदरम जैसे भाव की सख्त जरूरत है। समाज में जब तक सत्यम शिवम सुंदरम का भाव नहीं आएगा तब तक हमारी साधनाएं और सत्संग फलीभूत नहीं हो सकते। जो सत्य है वही कल्याणकारी है और जो कल्याणकारी है वही शिव सुंदर है। यह भाव हम सबके अंतरमन में होना चाहिए। इस भाव का अभाव ही दुख का कारण है। इस अभाव को मिलकर दूर करने का प्रयत्न होना चाहिए। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु जमकर थिरके।
इसके पूर्व व्यासपीठ का पूजन पूनम तिवारी व नेहा तिवारी ने किया। संयोजक दीपक शुक्ला ने बताया कि कथा 14 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर दो से शाम 6 बजे तक होगी।