
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: अपराधियों का मनोबल तोड़ने के लिए पुलिस ने दो बदमाशों की गिरफ्तारी पर एक-एक रुपये का इनाम रखा है। पुलिस ने बदमाशों के फोटो सहित पोस्टर छपवा कर घर और पूरे क्षेत्र में चिपका दिए है। दोनों अपराधियों पर कईं प्रकरण दर्ज है और गवाहों को धमकाने के मामले में फरार चल रहे है।
डीसीपी जोन-1 विनोद कुमार मीना के मुताबिक आरोपित तबरेज उर्फ गबरू निवासी जुना रिसाला और सौरभ उर्फ बिट्टू गौड़ निवासी कृष्णबाग कालोनी है। तबरेज सदर बाजार थाना क्षेत्र से फरार है। उसने कुछ दिनों पूर्व समीउद्दीन पर हमला कर दिया था। आरोपित गवाह को धमका रहा था। समझौता न करने पर गबरू ने फरियादी पर हमला कर दिया।
पुलिस ने उसकी हिस्ट्री बनाई और इनाम प्रतिवेदन तैयार कर डीसीपी को भेजा। शुक्रवार को तबरेज की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित कर दिया। आरोपित सौरभ मल्हारगंज थाना से फरार चल रहा है। चर्चित अनिल दीक्षित हत्याकांड के आरोपित सौरभ के विरुद्ध भी पांच आपराधिक मुकदमें है। सौरभ भी हत्या के मामले में गवाह को धमका रहा था।
टीआइ शिव रघुवंशी के मुताबिक आरोपित के घर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर फोटो सहित पोस्टर चस्पा करवाए हैं। डीसीपी के मुताबिक आरोपित आमजन में दहशत फैलाते है। एक रुपया का इनाम घोषित कर यह बताया जा रहा है कि अपराधी कानून के सामने बौना है।