
इंदौर। अंधेरे में डूबे गिरजाघर ठीक रात 12 बजे एकबार फिर रोशन हुए। चर्च के घंटे बजने लगे और और प्रभु यीशु के दोबारा जी उठने की खुशियां मनाई जाने लगीं। समाजजन एक-दूसरे के गले लगे और हैपी ईस्टर कहकर बधाई दी। इससे पूर्व मुख्य याजक के मार्गदर्शन में पूजन की विधि संपन्ना हुई।
रेड चर्च, सेंट जोसफ चर्च नंदा नगर, सेंट अर्नाल्ड चर्च विजय नगर, संत तरेजा चर्च पुष्प नगर सहित शहर के 9 कैथोलिक गिरजाघरों में श्रद्धालुओं के जुटने का सिलसिला रात 10 बजे से शुरू हो गया था। इसके बाद पास्का पर्व जागरण और यीशु के पुर्नरुत्थान की विधि संपन्ना कराई गई।
इसके बाद मुख्य याजक ने अपनी आग जलाई और चर्च में प्रवेश किया। इससे मौजूद श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी मोमबत्तियां जलाईं। प्रभु यीशु के फिर जीवित होने की घोषणा की गई और गीत गाए गए। साथ ही पवित्र जल का वितरण किया गया।
संत नॉर्बट चर्च कैट में पवित्र मिस्सा फादर एंथोनी स्वामी, संत विंसेंट पलोटी चर्च सुखलिया में फादर साजी, होली फैमिली चर्च पिपलिया कुमार में फादर गिल्बर्ट, बालक येसु चर्च में नंदबाग कॉलोनी में फादर एलेक्स, होली स्प्रिट चर्च पालदा में फादर जामोन ने कराई।
ईस्टर संडे पर आज पास्का की पवित्र मिस्सा
रेड चर्च पेरिस काउंसिल के सह सचिव बीए अलवारिस और फादर जॉन पाल ने बताया कि ईस्टर संडे पर 5 अप्रैल को पास्का की पवित्र मिस्सा रेड चर्च में सुबह 7 व 8 बजे होगी। सेंट जोसफ चर्च नंदा नगर में सुबह 8 बजे, संत तरेजा चर्च पुष्प नगर में सुबह 8.30 बजे, संत अर्नाल्ड चर्च विजय नगर में सुबह 8 बजे होगी। इसके अलावा मसीह मंदिर छावनी में भोर की आराधना सुबह 5.30 बजे की जाएगी। -नप्र