
इंदौर। नईदुनिया प्रतिनिधि
नर्मदा-गंभीर लिंक प्रोजेक्ट के तहत मनमाने ढंग से पेड़ों की कटाई हो रही है। जंगल में पाइप लाइन बिछाने के लिए मार्किंग की गई है। बावजूद इसके कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बिना मार्किंग वाले पेड़ भी काटे हैं।
नर्मदा-गंभीर प्रोजेक्ट के लिए जंगलों के बीच से पाइप लाइन बिछाई जाना है, जिसका काम इन दिनों चोरल रेंज में आने वाले सिमरोल और बाईग्राम में चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक पाइप लाइन के रास्ते में बाधक पेड़ों पर पिछले महीने ही निशान लगाए गए हैं। मगर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बगैर निशान वाले पेड़ों को भी काट दिया है। इसमें सागौन, शीशम, अंजन समेत कई प्रजाति के पेड़ हैं। बताया जाता है कि बगैर अनुमति के 150-200 पेड़ अवैध रूप से काटे गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इन पेड़ों को उठाने के लिए ठेकेदार के अलावा भी कई लोग आ रहे हैं। इसके बारे में वन विभाग को सूचना भी दी गई लेकिन रेंजर बीएस मौर्य ने कोई कार्रवाई नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक वन विभाग की लापरवाही से कंपनी के हौसले इतने बुलंद हो चुके है कि रात में जंगल से लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सीसीएफ पुरुषोत्तम धीमान ने बताया कि बगैर अनुमति पेड़ों की कटाई गलत है। पूरे मामले में वन संरक्षक से जानकारी लेता हूं। कमेटी बनाकर जांच की जाएगी।