
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, Rotary Club Indore। रोटरी क्लब आफ इंदौर रायल ने गीता भवन ट्रस्ट अस्पताल को रोटरी क्लब सेगेन श्लास व रोटरी क्लब मयेन जर्मनी के साथ मिलकर पांच बाइपेप मशीन उपलब्ध कराई। इसमें दो आटोमैटिक और तीन मैन्युअल बाइपेप मशीन व आक्सीमीटर शामिल है। इससे अस्पताल की चिकित्सा सेवा और बेहतर हो सकेगी।
उपकरण भेंट करते समय डा. गजेंद्र नारंग, रितु ग्रोवर, सरोज सोडानी, रायल बोर्ड के दिलीप मजूमदार, रीबा मजूमदार और कुलभूषण चोपड़ा उपस्थित थे। इसके साथ ही अस्पताल ट्रस्ट के डा. तिवारी और आइसीयू में तैनात अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। जर्मनी के दोनों क्लब हाउस के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अधिकारी राजेंद्र जैन ने कहा कि महामारी के दौरान अस्पताल को उपलब्ध कराए गए उपकरण से चिकित्सा सुविधा बेहतर होगी। कार्यक्रम में क्लब के सचिव अतुल भारत ने कहा कि रोटरी क्लब का काम समाज के सभी वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर करने के साथ ही जरूरतमंदों के लिए सुविधाएं जुटाना है।
इसी के तहत विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर चिकित्सा उपकरण एकत्रित किए गए हैं। इसके पहले भी रोटरी क्लब द्वारा इंदौर शहर के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। इन कोशिशों को अगले महीनों में और बढ़ाया जाएगा। संभावित कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए यह जरूरी हो गया है कि अभी से हम चिकित्सा सेवाओं को बेहतर करने में योगदान देंगे तो संकट के समय में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। आने वाले समय में कई और संस्थाएं चिकित्सा सेवा को बेहतर करने के लिए योगदान देना चाहती है उन्हें भी साथ में लेकर काम करेंगे।