
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : मंगलवार को डेली कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सुगम, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, विभिन्न जिलों से आने वाले नागरिकों, बसों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर यातायात नियंत्रण, वाहनों के मार्गदर्शन व आवश्यकतानुसार डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। कृषि कॉलेज चौराहे से डेली कॉलेज ज्ञान द्वार तक एवं पीएससी चौराहे से डेली कॉलेज ज्ञान द्वार तक का मार्ग आम वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा।
कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए एग्रीकल्चर चौराहा एवं पीएससी कार्यालय चौराहे से डेली कालेज तक आवागमन पैदल रहेगा। नागरिक वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े करने के बाद पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें।
यातायात पुलिस द्वारा कृषि कॉलेज चौराहा, मेडिकल कॉलेज चौराहा, पीएससी कार्यालय चौराहा, पॉवर हाउस तिराहा, होमगार्ड चौराहा, नवलखा चौराहा, जीपीओ चौराहा एवं आजाद नगर चौराहा सहित निर्धारित पॉइंट पर आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्शन भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में RSS का स्वयंसेवक एकत्रीकरण; दत्तात्रेय होसबाले ने कहा- 'जातिगत भेदभाव हिंदू समाज पर कलंक'