Sahitya Indore News: विभिन्नताओं को एकत्रित करने का कार्य करता है साहित्य
Sahitya Indore News: जहां तक बात नवोदित शब्द की है तो जिसका उदय होता है वह निसंदेह प्रकाशमान होता है।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Mon, 13 Sep 2021 12:54:45 PM (IST)
Updated Date: Mon, 13 Sep 2021 12:54:45 PM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, Sahitya Indore News। शब्द व्यापक है, वह अजर-अमर है। साहित्य देश को जोड़ने का कार्य करता है और हिंदी यह कार्य बखूबी कर रही है। तब ही तो अंग्रेजी की प्राध्यापक भी हिंदी में लिखती थी और बंगाल की आर्यमा सान्याल भी हिंदी से जुड़ी। वास्तव में साहित्य विभिन्नाताओं को एकत्रित करने का काम करता है।
यह बात राष्ट्र कवि सत्यनारायण सत्तन ने रविवार की शाम श्री मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति में कहानीकार सीमा व्यास के सम्मान समारोह में कही। ख्यात साहित्यकार व प्राध्यापक डा. हेमलता दिखित की स्मृति में आर्यमा सान्याल द्वारा सीमा व्यास को उदयमान साहित्यकार का पहला सम्मान दिया गया। इस सम्मान समारोह में सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि साहित्यार शब्द की आराधना करता है और कोई भी पुरस्कार छोटा-बड़ा नहीं होता। जहां तक बात नवोदित शब्द की है तो जिसका उदय होता है वह निसंदेह प्रकाशमान होता है।
समारोह के विशेष अतिथि एएसपी प्रशांत चौबे ने कहा कि साहित्य जीवन की यात्रा को सारगर्भित करने वाला होता है। साहित्य खुद की खुद से पहचान भी कराता है। मुख्य अतिथि सांसद शंकर ललवानी ने कहा कि साहित्यकारों को बहुत संघर्ष करना पड़ता है। वर्षों के लेखन के बाद परिपक्वता आती है। शब्द कभी मरते नहीं वह सदा जीवित रहते हैं। इस अवसर पर शंकर ललवानी का भी सम्मान किया गया। सम्मान पत्र का वाचन डा. मिनाक्षी स्वामी ने किया। साहित्यकार सीमा व्यास ने लघुकथाओं का वाचन भी किया। इस अवसर पर समिति के प्रधानमंत्री प्रो. सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी, प्रो. सरोज कुमार, अरविंद ओझा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हरेराम वाजपेयी ने किया। आयोजन में कई साहित्यकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।