
Salman Khan Birthplace: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सुपर स्टार सलमान खान बेशक करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं, लेकिन आज भी उनके दिल में उनकी जन्म स्थली ही बसती है। इंदौर में जन्मे और यहां कई छुट्टी बिता चुके सलमान खान आज भी इंदौर से बहुत प्यार करते हैं। यह बात खुद सलमान स्वीकारते हैं कि जब भी उन्हें वक्त मिलता है वे इंदौर आकर, यहां रहकर छुट्टी बिताना चाहेंगे। यहां का बाजार, खानपान की दुनिया, पलासिया में उनका पैतृक निवास, उनका फार्म हाउस और शहर में रह रहे उनके परिजनों को वे बहुत याद करते हैं।
नईदुनिया से हुई खास चर्चा में खुद सलमान कहते हैं कि मैं कई बार इंदौर आने की कोशिश करता हूं, लेकिन किसी न किसी कारण यह संभव नहीं हो पाता। यह वादा है कि मैं इंदौर जल्द आऊंगा। इंदौर आए मुझे बहुत वक्त हो गया। इंदौर में मेरा पूरा परिवार है और उनकी याद आती है। अब जब भी इंदौर आऊंगा तो अपने खेत पर भी जाऊंगा।
1988 से अपना फिल्मी सफर शुरू करने वाले सलमान खान अब तक कई सुपर हिट फिल्में कर चुके हैं। सलमान का मानना है कि फिल्मों का जो आनंद थियेटर में फिल्म देखकर आता है वह ओटीटी प्लेटफार्म पर नहीं आता। कोरोनाकाल में बेशक ओटीटी दर्शक और कलकार दोनों के लिए मददगार साबित हुआ, लेकिन ओटीटी हमेशा वह आनंद नहीं दे सकता जो थियेटर में फिल्म देखने का आता है।
जहां तक मेरी पसंद की बात है तो मैं ऐसी कोई फिल्म नहीं करना चाहूंगा जो परिवार के साथ बैठकर नहीं देखी जा सके। भले ही ऐसी फिल्म न चले, लेकिन मैं ऐसी ही फिल्म बनाऊंगा जो परिवार, घर के बेटे-बेटियां साथ बैठकर देख सकें। फिल्मों में मैं ऐसी कोई बात दर्शकों के सामने नहीं परोसना चाहता जो गलत संदेश दे, जिसे देख किसी को शर्म आए।