
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए बड़ी सौगात मिली है। कांकरिया बोर्डिया से जम्बुडी सरवर तक 9 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। 13.16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क सिंहस्थ के दौरान भी बेहद उपयोगी साबित होगी।
शनिवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कांकरिया बोर्डिया में आयोजित कार्यक्रम में इस सड़क का भूमिपूजन किया। सड़क बनने से आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन आसान होगा।
इसी कार्यक्रम में मंत्री ने कांकरिया बोर्डिया से गोशाला तक करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने 1.2 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों का शहर तक पहुंचना आसान होगा और किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में सुविधा मिलेगी।
मंत्री सिलावट ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों के लिहाज से भी ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का विकास महत्वपूर्ण है। सांवेर विधानसभा में सड़क, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में दो सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं तथा अधिकांश गांवों में नर्मदा जल की आपूर्ति हो रही है।
कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत छह हितग्राहियों को रजिस्ट्री भी वितरित की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।