इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Indore crime news। स्कूल संचालक मनोज सराफ की आत्महत्या के मामले में राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पार्टनर जितेंद्र सिंह कुशवाह, टीचर पल्लवी गुप्ता और कुलदीप उर्फ राम के विरुध्द प्रकरण दर्ज किया है। मनोज ने प्रताड़ित होकर चार महीने पूर्व फांसी लगाकर जान दी थी। आरोपित एक साल से ब्लैकमेल कर रहे थे।
टीआइ अमृता सोलंकी के मुताबिक सुखमणि अपार्टमेंट (अमितेष नगर) निवासी 52 वर्षीय मनोज पुत्र श्रीकृष्ण सराफ पार्टनर जितेंद्र सिंह कुशवाह निवासी गुजरी चौक राजपुर (बड़वानी) के साथ स्कूल चलाते थे। टीचर पल्लवी गुप्ता की जितेंद्र से दोस्ती हो गई और दोनों प्रेम करने लगे। शादी का वादा करने के बाद भी जितेंद्र ने अन्य युवती से शादी कर पल्लवी से बातचीत बंद कर ली। नाराज पल्लवी ने भाई कुलदीप उर्फ राम के साथ मिलकर मनोज कोे धमकाया और कहा कि जितेंद्र को स्कूल से निकालो वरना वह झूठे केस में फंसा देगी। इस कारण मनोज अवसाद में चला गया और 12 मार्च को फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे आयुष व पत्नी ने बयानों में जितेंद्र, पल्लवी और राम पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
स्कूल पार्टनर से विवाद हुआ तो अवसाद में चला गया संचालक
टीआइ के मुताबिक पल्लवी खुद जितेंद्र से दूर होना चाहती थी, लेकिन जितेंद्र ने उसे ब्लैकमेल किया और तीन रिश्ते तुड़वा दिए। बाद में खुद जितेंद्र ने ही प्रेम विवाह भी कर लिया। इसके बाद पल्लवी ने भी स्वजन की पसंद से शादी कर ली। इस बीच जितेंद्र और मनोज का भागीदारी को लेकर विवाद हुआ तथा वह अवसाद में चले गए। उनका मानसिक चिकित्सक से उपचार भी चल रहा था। मौत के बाद स्वजन ने पल्लवी पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया और उसकी रिकॉर्डिंग पेश की। अफसरों ने मामला प्रताड़ना का माना और प्रकरण दर्ज करना पड़ा।