
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर/ग्वालियर। मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में सूरज के तीखे तेवर और बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बच्चों को लू और भीषण गर्मी से बचाने के लिए इंदौर जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, कक्षा नर्सरी से लेकर आठवीं तक के सभी स्कूलों में 30 अप्रैल 2026 तक छुट्टी रहेगी। यह निर्णय पिछले कुछ दिनों से तापमान में हुई अचानक वृद्धि और दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाओं (लू) को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस भीषण गर्मी में छोटे बच्चों का स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार, प्रदेश के स्कूलों में 1 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) विधिवत रूप से प्रारंभ हो रहे हैं। कलेक्टर के इस नए आदेश के बाद अब इंदौर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए छुट्टियां अभी से शुरू हो गई हैं। यानी 30 अप्रैल तक कलेक्टर के आदेशानुसार अवकाश रहेगा और उसके ठीक अगले दिन यानी 1 मई से नियमित गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी।

ग्वालियर जिले में भी अत्यधिक गर्मी के मौसम को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, एमपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, सेंट्रल स्कूल एवं शासन द्वारा मान्यता प्राप्त समस्त विद्यालयों पर लागू होगा।
कक्षा 9 से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्ववत प्रातः 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जायेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बड़े विद्यार्थियों के लिए फिलहाल समय में बदलाव रहेगा लेकिन अवकाश नहीं होगा। इसके अलावा, शासन द्वारा पूर्व से निर्धारित परीक्षा आदि आवश्यक कार्यक्रम यथावत समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगे।