
रामकृष्ण मुले, इंदौर Guru Nanak Jayanti 2021 । सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानकदेव महाराज अपनी दूसरी यात्रा के दौरान 504 साल पहले इंदौर बेटमा और ओंकारेश्वर आए थे। जहां उन्होंने शबद सुनाया वहा ऐतिहासिक महत्व के गुरुघर बन गए। उनके 1517 में आगमन का उल्लेख पुरातन ग्रंथ गुरु खालसा में मिलता है। इन गुरुद्वारों में आज भी हर साल प्रकाश पर्व पर हजारों की संख्या में संगत एकत्रित होती है।
समाजजनों का कहना है कि जहां इमली के पेड़ के नीच बैठकर शबद सुनाया उस स्थान पर गुरुद्वारा इमली साहिब औऱ बेटमा में उनके आने से बावड़ी का खारा पानी मीठा हो गया उस स्थान पर गुरुद्वारा बावड़ी साहब बना है। इसी तरह ओंकारेश्वर में ओंकार की महत्ता बताई वहां गुरु नानकदेव महाराज गुरुद्वारा ओंकारेश्वर का निर्माण हुआ।
गुरुसिंघ सभा के अध्यक्ष मनजीत सिंह भाटिया कहते है कि जहां-जहां नानकदेव ने शबद सुनाए वहां समाज ने ऐतिहासिक महत्व के गुरुद्वारे बनाए। इनकी व्यवस्था गुरूसिंघ सभा संभाल रही है। संगत की सुविधा के लिए इन गुरुद्वारों का विस्तार में किया गया है। साथ लगातार यह क्रम जारी है। सचिव जसबीर सिंह गांधी बताते है कि जहां नानक आए वह स्थान सिख समाज के आस्था केंद्र है। यहां हर साल हजारों की संख्या में मत्था टेकने समाजजन जुटते है।
इमली साहिब: खान नदी के किनारे लगाया आसन
गुरु नानकदेव महाराज उनकी दूसरी यात्रा के दौरान दक्षिण से होते हुए इंदौर आए थे। यहां कान्ह नदी के किनारे इमली के पेड़ के नीचे आसन लगाकर शबद सुनाया था इसलिए जब यहां गुरुद्वारा बनाया गया तो उसका नाम गुरुद्वार इमली साहिब रखा गया। पहले इस स्थान की सेवा संभाल उदासी मत के पैरोकारी ने संभाली। इसके बाद होलकर स्टेट के सहयोग के लिए फौज पंजाब से आई तो उन्होंने गुरुद्वारे की व्यवस्था संभाली।
बेटमा साहिब : भीलों के आतंक से मिली मुक्ति

गुरु नानक देव महाराज दूसरी यात्रा के दौरान बेटमा साहिब भी आए थे। गुरु खालसा में उनकी इस यात्रा का उल्लेख है। पुरातन कथाओं के मुताबिक यह स्थान राजा गोपीचंद की नगरी के नाम से पहचाना जाता था। इस स्थान पर भीलों का आतंक था। गुरुजी ने उन्हें अहिंसा का संदेश दिया। कहा जाता है कि उनके आगमन से यहां बावड़ी का खारा पानी मीठा हो गया। इसके चलते यहां बने गुरुद्वारे का नाम बावड़ी साहिब पड़ा। 1964 से यह गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा के पास रजिस्टर्ड है। यहां गुरु नानक छह माह रुके थे।
ओंकारेश्वर गुरुद्वारा : बताई ओंकार की महत्ता

गुरु नानक महाराज दूसरी उदासी के दौरान इंदौर से 80 किलोमीटर दूर ओंकारेश्वर में नर्मदा के किनारे आए थे। यहां पर लोगों को ओंकार को उपमा बताई थी। उन्होंने राग रामकली में ओंकार नामक वाणी का उच्चारण किया था। इस बात की जानकारीज्ञानी सत सिंह को पहलीबार 1957 में गुरुद्वारा तोपखाना में मिली। इसके बाद संगत के सहयोग से इस स्थान पर 1961 में गुरुद्वारे का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इंदौर, बड़वाह, सनावद, खंडवा खरगोन की संगत ने इसमें योगदान दिया। यहां हर साल तीन गुरमत होते है।