
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंदौर को भी बड़े पड़ाव के रूप में तैयार किया जा रहा है। उज्जैन में भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को रास्ते में ही रोकने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए इंदौर जिले से उज्जैन की ओर जाने वाले छह प्रमुख मार्गों पर नौ होल्डिंग एरिया बनेंगे। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने-पीने और वाहनों की पार्किंग सहित जरूरी सुविधाएं जुटाई जाएंगी। प्रशासन ने इन होल्डिंग एरिया के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिए हैं।
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने पर इन स्थानों का इस्तेमाल भीड़ प्रबंधन के लिए किया जाएगा। वहीं उज्जैन में भीड़ कम होने पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इन स्थानों पर कुछ समय रुककर आगे की यात्रा कर सकेंगे। इससे उज्जैन में एक साथ श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने से रोकने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। यहां पर श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बड़ी पार्किंग भी उपलब्ध होगी।
प्रशासन द्वारा इंदौर से उज्जैन की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर चिह्नित किए गए स्थानों का विवरण इस प्रकार है:
इन होल्डिंग एरिया के कारण ओंकारेश्वर, खंडवा, महेश्वर, खरगोन, धार, झाबुआ, बड़वानी, अलीराजपुर, हरदा, नर्मदापुरम जैसे शहरों से आने वाले श्रद्धालु ठहर सकेंगे। साथ ही महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधाएं मिलेंगी।
प्रशासन ने होल्डिंग एरिया के लिए जमीन चिह्नित कर ली है। अब यहां श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन स्थानों की लोकेशन भी ऑनलाइन उपलब्ध होगी, ताकि श्रद्धालुओं को पहुंचने में परेशानी न हो। सिंहस्थ के दौरान व्यवस्थाएं संभालने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की भी तैनाती होगी।
सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। यहां पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। - शिवम वर्मा, कलेक्टर