
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की पहले और दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। पहले चरण में 28.67 लाख मतदाताओं के फार्म भराकर प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
इसमें 24.20 लाख मतदाताओं ने फार्म भरकर जमा किए थे, जबकि 4.47 लाख मतदाताओं के नाम हटे थे। दूसरे चरण में हुई सुनवाई की प्रक्रिया में 5108 मतदाता अपात्र पाए गए हैं। इनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाएगा।
एसआईआर की प्रक्रिया के दूसरे चरण में 1.33 लाख नो मैपिंग और 5.79 लाख तार्किक त्रुटि वाले मतदाताओं की सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद 5108 मतदाता अपात्र पाए गए हैं।
यह मतदाता अन्य किसी पंजीकृत हो गए है या अपनी जानकारी नहीं दे पाए। वहीं 551 मतदाता सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान अन्य जिलों में स्थानांतरित हो गए।

SIR: बिना जांच नहीं कटेंगे नाम, निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश
इंदौर जिले में अब 24 लाख 19 हजार 620 मतदाता पात्र पाए गए है। इनका नाम अब अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। वहीं प्रारंभिक सूची में 18 साल की उम्र वाले नए मतदाताओं की संख्या 60 हजार के करीब है, जिनका नाम सूची में शामिल किया जाएगा।
4 नवंबर से 18 दिसंबर तक जिले में गणना पत्रक भरवाने का कार्य किया गया। इसमें एक लाख 33 हजार 706 मतदाता की मैपिंग 2003 की सूची से नहीं हो सकी थी। वहीं पांच लाख 79 हजार 265 मतदाता तार्किक त्रुटि की श्रेणी में सामने आए थे, जिनके नाम और जन्म तारीख में त्रुटि थी।
सुनवाई के बाद इंदौर-पांच में सर्वाधिक 979 मतदाता अपात्र पाए गए है। इसके बाद 946 मतदाता सांवेर विधानसभा में सामने आए। इंदौर-1 में 900 मतदाता अपात्र मिले।अन्य विधानसभा क्षेत्रों में देपालपुर में 168, इंदौर-2 में 192, इंदौर-3 में 630, इंदौर-4 में 580, महू में 148 और राऊ में 565 मतदाता अपात्र पाए गए।