नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिस युवती को बेटी की तरह बहू बनाकर लेकर आए उसी ने घर का चिराग बुझा दिया है। राजा रघुवंशी की हत्या सोनम ने पूर्व प्रेमी के साथ षडयंत्र बनाकर करवाई थी। जब यह बात राजा के घर पर पता चली तो वह भरोसा नहीं कर पाएं।
बेटे की मौत के गम में मां के आंखों के आंसू अभी तक सूखे ही नहीं थे कि इस खबर ने उन्हें पुरी तरह तोड़ दिया है। राजा की मौत की खबर के बाद वह सोनम की सलामती के लिए रोजाना प्रार्थना कर रही थी। परिवार के आक्रोशित सदस्यों ने सोमवार को सहकार नगर स्थित घर के बाहर पोस्टर पर लगी सोनम की फोटो फाड़कर उन्हें जला दिया। सरकार से मांग की कि आरोपितों को फांसी मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शिलांग जाने की टिकट सोनम ने ही करवाई थी। राजा ने बताया था कि सोनम ने टिकट करवा ली है, अब क्या करूं। इसपर मैंने कहा था कि टिकट करवा ली है तो चले जाओ। छह-सात दिन में वापस आने की बात कहीं थी। लेकिन सोनम ने वापस आने की टिकट नहीं करवाई थी। राजा घूमने नहीं जाना चाहता था, लेकिन सोनम की इच्छा के कारण गया था। जाने के एक दिन पहले दोनों शापिंग करने भी गए थे।
राजा की मां ने बताया कि सोनम बहुत अच्छे से बात करती थी, हम भरोसा ही नहीं कर पा रहे हैं कि वह ऐसा कर सकती है। राजा से भी अच्छे से बात करती थी। दोनों से पूछा कि पसंद है या नहीं। हम सोनम के घर जब उसे देखने के लिए गए थे तो मैंने पूछा था कि तुम्हें राजा पसंद है या नहीं, इसपर उसने गर्दन नीचे कर ली थी। बाद में परिवार के सदस्यों का फोन आया था कि राजा पसंद है।
मां ने बताया कि राजा की पल-पल पर याद आ रही है, मैंने क्यों उसे जाने से रोका नहीं। हमारे ऊपर दुखों का पहाड़ सोनम दे गई है, उसने कितना बड़ा कदम उठाया। हमने समाज में रिश्ता किया था। यदि हम समाज में ही रिश्ते नहीं जोड़ेंगे तो कहां जाएंगे। सोनम इतनी मीठी बातें करती थी कि कभी शक ही नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि राजा को ससुराल से सोने की चेन मिली थी वह थोड़ी मोटी थी। इसलिए डर लग रहा था कि चेन पहनकर क्यों जा रहा है। उसे चेन उतारकर बैग में रखने के लिए कहा था। इसपर उसने कहा था कि इसे नहीं पहनुंगा। सोनम ने इसे पहनने के लिए कहा था। राजा अपने साथ सिर्फ 20-25 हजार रुपये लेकर गया था। हम राज कुशवाह सहित अन्य आरोपितों को नहीं पहचानते हैं।
उन्होंने बताया कि हम प्रार्थना कर रहे थे सोनम जीवित मिले, ताकि राजा के बारे में जानकारी मिल सके। सोनम के परिवार ने हमसे राजा की मौत के बाद कोई बातचीत नहीं की, मैंने एक दिन उसकी मां को फोन लगाया था और कहा था कि आपकी बेटी जल्दी मिल जाएगी, आप कामाख्या देवी का तेल का दीपक लगा दो।
सोनम राजा से फोन पर भी ज्यादा बात नहीं करती थी, इस बारे में मुझे बताया था। वह कह रहा था कि सोनम रूचि नहीं ले रही है, इसलिए मैं शादी नहीं करूंगा। इसपर मैंने सोनम से बात की और पूछा कि फोन पर बात करने में क्या परेशानी है। तब उसने कहा कि ऑफिस के काम में व्यस्त थी। इसके बाद दोनों की बात होने लगी थी।