
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिसने अग्नि को साक्षी मानकर सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाई उस युवती ने 13 दिन बाद ही पति की हत्या करवा दी। जिस युवती को बेकसूर समझ कर मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री सहित पूरे ने देश सलामती की प्रार्थना की, वो ही हत्याकांड की मास्टर माइंड निकली। फिल्मी कहानी की तरह घटित इस घटना ने इंदौर को पूरे देश के सामने शर्मशार कर दिया। पुलिस ने नवविवाहिता सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसमें उसका प्रेमी भी शामिल है।
सहकार नगर (कैट) रोड़ के 30 वर्षीय ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी की कुशवाह नगर (बाणगंगा) की सोनम उर्फ बिट्टी रघुवंशी से पिछले महीने की 11 तारीख को ही धूमधाम से शादी हुई थी। 20 मई को नवदंपती हनीमून मनाने शिलांग निकल गए। सुर्ख लाल जोड़े में साथ साथ चल रही मौत से बेखबर राजा सोनम के साथ बहुत खुश था। उधर सोनम ने राजा को मार कर फैंकने के लिए हत्यारे बुलवा लिए। 23 मई को राजा सोनम का हाथ पकड़े शिलांग की घनी वादियों में चला गया। जैसे ही मौका मिला सोनम के पीछे-पीछे आए हत्यारों ने राजा की हत्या कर दी। उसकी चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट लूटी और शव 200 फीट गहरी खाई में फैंका और खुद फरार हो गई।
.jpeg)
इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रघुवंशी परिवार में मातम छा गया। राजा और सोनम की तलाश होने लगी। 2 जून को राजा का डिकंपोज अवस्था में शव मिला। दोनों परिवार की नजरें अब सोनम के लौटने का इंतजार करने लगी। रविवार रात सोनम बदहवास अवस्था में गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) पहुंची और भाई गोविंद को कॉल लगाया। इसके पूर्व शिलांग की ईस्ट खासी हिल्स पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम उसके प्रेमी राज व उसके दोस्त विशाल उर्फ विक्की, आकाश को पकड़ कर हत्या से पर्दा उठा चुकी थी।
.jpeg)
नंदबाग (बाणगंगा) में रहने वाला राज कुशवाह सोनम के यहां बिलिंग संबंधित काम करता है। पांच साल छोटे राज से सोनम का तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाहते थे। पिता देवीसिंह बीमार (हार्ट अटैक) होने के कारण सोनम इस रिश्ते के बारे बता नहीं सकी। उधर माता-पिता ने मेट्रिमोनियल साइट पर राजा का बायोडेटा देखा और रिश्ता पक्का कर दिया।
राजा से मिलने के बाद आरोपियों ने हत्या न करने के मन भी बना लिया था। शिलांग की भौगोलिक परिस्थिति और लोगों की आवाजाही से भी घबराहट हो रही थी। मगर सोनम उन पर दबाव बना रही थी। वह हर हाल में राजा की जान लेना चाहती थी। 23 मई को सोनम राजा को सुनसान जगह पर ले गई। आरोपी भी लोकेशन मिलते ही पहुंच गए। जैसे ही सोनम ने इशारा किया विशाल ने गर्दन पर पीछे की ओर से हमला कर दिया। एक ही वार में राजा नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने दो तीन बार और मारा। बाद में मृत समझ कर राजा को खाई में फैंक दिया। शव ठिकाने लगाने में तो बाकायदा सोनम ने भी मदद की।